भोपाल। मध्य प्रदेश में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। AAP ने राज्य के सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। आम आदमी पार्टी के संगठन महासचिव डा. संदीप पाठक ने शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस में यह ऐलान किया है। 



डॉ. पाठक ने कहा है कि प्रदेश की जनता चुनाव में बदलाव के लिए तैयार है। जनता अच्छे विकल्प को चुनेगी। भाजपा व कांग्रेस को प्रदेश में जनता ने पूरा मौका दिया। कांग्रेस तो चुनाव के पहले या बाद में सेट हो जाती है। भाजपा येन-केन-प्रकारेण सरकार बनाना चाहती है। अब हमारी अपील है कि एक मौका केजरीवाल को दे दो। यदि काम न करें तो फिर न देना।





AAP नेता ने कहा कि हम सदस्यता अभियान शुरू कर रहे हैं। जनता मिस काल करके पार्टी से जुड़ सकती है। हम गांव गांव तक संगठन बनाएंगे। अच्छी छवि के लोगों के लिए पार्टी के दरवाजे खुले हैं। हम डेढ़ दो महीने में नई कार्यकारिणी घोषित कर देंगे। उचित समय पर पार्टी का सीएम फेस भी घोषित करेंगे। जनता चुनाव लड़ेगी और वही जिताएगी। हमारी क्या औकात है।



AAP के ऐलान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता आनंद जाट ने कहा, 'AAP सही कह रही है कि इस बार जनता चुनाव लड़ेगी। मध्य प्रदेश की जनता ने अपना नेता और नियत स्पष्ट कर लिया है। जनता कमलनाथ जी को वापस लाने जा रही है। हम 160 से अधिक सीटें जीतकर प्रदेश में सरकार बनाएंगे। बीजेपी 70 सीटों के भीतर सिमट जाएगी। जहां तक AAP का सवाल है ये तो राजनीतिक पर्यटन करने आए हैं। इन्हें एक भी सीट नहीं मिलने वाला। पर्यटन के लिए प्रदेश में आप नेताओं का स्वागत है।'