भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शैक्षणिक संस्थानों को लगातार मिल रही बम धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। पीपुल्स यूनिवर्सिटी को धमकी मिलने के बाद अब भोपाल स्थित ऐम्स अस्पताल एवं कॉलेज को भी बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है। धमकी मिलने के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस की बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड मौके पर पहुंची और एहतियातन परिसर को खाली करा लिया गया।
जानकारी के अनुसार, पीपुल्स यूनिवर्सिटी प्रबंधन को ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई थी। संदेश में दावा किया गया कि कॉलेज परिसर में सायनाइड पॉइजन से जुड़े बम लगाए गए हैं। साथ ही ईमेल में बताया गया कि यह बम दोपहर 12:15 बजे फटेंगे। ईमेल में सुबह 11 बजे तक डॉक्टरों और छात्रों को बाहर निकालने की चेतावनी भी दी गई थी। संदेश के अंत में धार्मिक नारे का भी इस्तेमाल किया गया था।
ईमेल में लिखा था, "आपके कॉलेज में सायनाइड पॉइजन वाले बम रखे गए हैं, जो दोपहर 12:15 बजे ब्लास्ट करेंगे। सुबह 11:00 बजे तक डॉक्टर और स्टूडेंट्स को निकाल लें! अल्लाह हू अकबर।" जिसके बाद जांच एजेंसियां पड़ताल में जुट गई।
ऐसा ही एक धमकी भरा ईमेल एम्स कॉलेज को भी प्राप्त हुआ। धमकी मिलते ही स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। कई घंटों तक चली जांच के दौरान हर संदिग्ध स्थान की जांच की गई लेकिन सर्च ऑपरेशन में किसी भी प्रकार की विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए छात्रों, डॉक्टरों और स्टाफ को पहले सुरक्षित बाहर निकाला गया था ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचा जा सके। फिलहाल धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर टीम को भी जांच में लगाया गया है।
गौरतलब है कि पीपुल्स यूनिवर्सिटी को पिछले दस दिनों के भीतर दूसरी बार इस तरह की धमकी मिली है। लगातार मिल रही चेतावनियों के बाद पुलिस अब इसे शरारत, डर फैलाने की साजिश या संगठित साइबर गतिविधि के एंगल से जांच कर रही है।