राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन फायरिंग में घायल साहिल लोचब की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को एफआईआर दर्ज कर ली है। मामला फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया है। साहिल का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन के छर्रे लगने से उसकी आंख की रोशनी प्रभावित हो गई थी। एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार दोपहर संसद मार्ग थाने पहुंचे और कार्रवाई होने तक धरने पर बैठ गए थे।

राहुल गांधी करीब दोपहर 12:30 बजे संसद मार्ग थाने पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस से साहिल की शिकायत पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की और कहा कि मामला दर्ज होने तक वह वहां से नहीं हटेंगे। शाम करीब 5:30 बजे पुलिस ने मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की। उस दौरान राहुल के साथ प्रियंका गांधी, अधीर रंजन चौधरी, सलमान खुर्शीद और जयराम रमेश समेत अन्य कांग्रेस नेता भी मौजूद रहे थे।

यह भी पढ़ें:भोपाल में 58 वर्षीय SI की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, नहाने के बाद कमरे में बेहोश मिले

धरने के दौरान राहुल गांधी ने साहिल के शरीर से निकाले गए बताए जा रहे छर्रे दिखाते हुए पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उनका आरोप था कि 20 जुलाई को शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे साहिल को पैलेट गन से निशाना बनाया गया था। राहुल ने कहा कि अगर पुलिस ने पैलेट गन नहीं चलाई तो फिर यह फायरिंग किसने की इसकी जांच होनी चाहिए। राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारी एफआईआर दर्ज नहीं कर रहे थे और उन्हें ऊपर से निर्देश होने की बात बताई गई थी। उन्होंने इस मामले में जिम्मेदारी तय करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

साहिल की ओर से 14 अगस्त को दिल्ली पुलिस को लिखित शिकायत दी गई थी। राहुल गांधी के मुताबिक, शिकायत देने के बावजूद उन्हें उसकी कॉपी नहीं मिली और मामले में आगे की कार्रवाई भी नहीं हुई। 17 अगस्त को ईमेल और फोन के जरिए भी पुलिस से शिकायत पर कार्रवाई करने की मांग की गई थी। शुक्रवार को राहुल गांधी साहिल को साथ लेकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलने पहुंचे और एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर धरना शुरू किया। इससे पहले राहुल गांधी साहिल के मामले को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी जवाबदेही तय करने की मांग कर चुके हैं।

यह भी पढ़ें:भारत ने वर्ल्ड बैडमिंटन चैम्प‍ियनश‍िप में रचा इत‍िहास, त्रिसा-गायत्री की जोड़ी ने पक्का किया मेडल

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, साहिल की शिकायत स्वीकार कर ली गई है। पुलिस ने बताया कि 20 जुलाई को हुए प्रदर्शन से संबंधित मामलों की जांच पहले से क्राइम ब्रांच कर रही है। शिकायतकर्ता को बताया गया है कि उसकी शिकायत भी क्राइम ब्रांच को भेजी जाएगी और जांच उसी के स्तर पर आगे बढ़ेगी। 

गौरतलब है कि 20 जुलाई के प्रदर्शन में बल प्रयोग को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। एक पुलिस जनरल डायरी एंट्री के संबंध में प्रकाशित रिपोर्ट में दावा किया गया था कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के निर्देश पर पैलेट वाले बैलिस्टिक कारतूस का इस्तेमाल किया था। फिलहाल एफआईआर दर्ज होने के बाद साहिल की शिकायत पर जांच का रास्ता खुल गया है। अब जांच में यह स्पष्ट किया जाना है कि प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन का इस्तेमाल किसने किया, किसके निर्देश पर किया गया और साहिल को लगी चोट की परिस्थितियां क्या थी।

यह भी पढ़ें:झाबुआ में जमीन अधिग्रहण के मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट के बाहर धरने पर बैठे किसान