राजधानी दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर बुधवार देर रात बुलडोजर कार्रवाई की गई। अधिकारियों के मुताबिक, हाई कमीशन की निर्धारित सीमा से बाहर बनाए गए अवैध ढांचों को जेसीबी की मदद से हटाया गया। इस दौरान बैरिकेड, फेंसिंग, लोहे के फ्रेम, गेट और वीजा सेक्शन के पास कतार प्रबंधन के लिए बनाए गए अस्थायी ढांचों को भी हटा दिया गया। कार्रवाई के बाद मौके पर ईंट, कंक्रीट और निर्माण सामग्री के टुकड़े बिखरे नजर आए।

पाकिस्तान हाई कमीशन शांतिपथ चाणक्यपुरी में स्थित है। कार्रवाई हाई कमीशन की मुख्य इमारत तक नहीं पहुंची। अधिकारियों ने बाहरी हिस्से में सीमा से बाहर बने निर्माण को ही निशाना बनाया। मुख्य प्रवेश द्वार, सफेद दीवारें और पाकिस्तान के निशान वाला बड़ा गेट सुरक्षित रहा। परिसर के कुछ हिस्सों में लगी कांटेदार तार की फेंसिंग भी दिखाई दी थी।

यह भी पढ़ें:MP में नहीं रुक रहा मिलावट का गोरखधंधा, सीहोर की डेयरी से 25 क्विंटल एनालॉग पनीर जब्त

बुलडोजर कार्रवाई के दौरान वीजा सेक्शन के आसपास कतार लगाने और लोगों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए बनाए गए ढांचे भी हटा दिए गए थे। मौके की तस्वीरों में टूटी रेलिंग, लोहे के फ्रेम, छत की चादरें, ईंट और कंक्रीट के मलबे के साथ सफेद मेटल फेंसिंग का हिस्सा दिखाई दिया था। कार्रवाई के बाद वीजा सेक्शन के सर्विस काउंटर खुले तौर पर नजर आने लगे थे। वहां विंडो 1, पाकिस्तान पासपोर्ट ऑनली और विंडो-5 / कलेक्शन ऑफ वीजा एप्लीकेंट्स जैसे बोर्ड दिखाई दिए। काउंटरों के आसपास टूटी फेंसिंग और निर्माण से जुड़ी सामग्री पड़ी रही थी।

दिल्ली में हुई यह कार्रवाई ऐसे समय सामने आई है जब दो दिन पहले पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में भारतीय हाई कमीशन के बाहर लगाए गए सुरक्षा बैरिकेड और पार्किंग पोल हटाए गए थे। दोनों घटनाओं के एक-दूसरे के करीब होने के कारण भारत और पाकिस्तान के बीच राजनयिक स्तर पर चल रहे तनाव के संदर्भ में इन्हें देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें:इंदौर में स्वाइन फ्लू से पहली मौत, 60 वर्षीय महिला ने 16 दिन इलाज के बाद तोड़ा दम

इसी बीच कश्मीर को लेकर भी भारत, पाकिस्तान और अमेरिका के बीच बयानबाजी तेज हुई है। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने 19 अगस्त को श्रीनगर के दौरे के दौरान जम्मू-कश्मीर को भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया था। उन्होंने यह भी कहा था कि अमेरिका क्षेत्र को लेकर अपनी ट्रैवल एडवाइजरी की समीक्षा कर सकता है। सर्जियो गोर की टिप्पणी पर पाकिस्तान ने आपत्ति जताई। पाकिस्तान ने इस्लामाबाद में अमेरिकी चार्ज डी’अफेयर्स नताली बेकर को तलब कर अपनी नाराजगी जाहिर की और सार्वजनिक बयानों में कश्मीर की स्थिति को ध्यान में रखने की बात कही।