इंदौर। गांधी नगर इलाका स्थित  फ्रेंड्स कॉलोनी में बेस्वाद खाना बनाने पर एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इस बात का खुलासा मृतका के तीन साल के बेटे ने किया है। उसने बताया कि रात में पिता ने उसकी मां को बहुत पीटा था। बेटे ने तोतली आवाज में कहा कि पापा मम्मी से झगड़ा कर रहे थे। बोल रहे थे कि उसने अच्छा खाना नहीं बनाया है, पापा बहुत गुस्से में थे, उन्होंने पहले पाइप और डंडे से पीटा फिर मां का गला दबा दिया। मां रो रही थी, बेटे का कहना है कि वह पापा को देखकर डर गया था, जब पापा कमरे से बाहर निकले तो उसने मां को पानी पिलाने की कोशिश की लेकिन मां ने पानी तक नहीं पिया। 

मृतका की पहचान सोनू उर्फ यशोदा पाटीदार के रूप में हुई है। उसकी हत्या का आरोप उसके पति विनोद पाटीदार पर लगा है। महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। महिला के परिजनों ने यशोदा के पति विनोद पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि वह अक्सर यशोदा के साथ मारपीट करता रहता था।

पति-पत्नी में कई दिनों से बोलचाल बंद थी। यशोदा ने अपने मायके वालों को इस अनबन की खबर दी थी। उसने बताया था कि उसका पति उसे जान से मारने की धमकी दे रही है। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है मामले की जांच जारी है। पुलिस आरोपी पति की तलाश में जुटी है।