भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार सुबह करोंद क्षेत्र स्थित पीपुल्स यूनिवर्सिटी को एक धमकी भरा ईमेल मिला। मेल में दावा किया गया कि विश्वविद्यालय परिसर में साइनाइड युक्त बम लगाए गए हैं जो दोपहर 12:15 बजे विस्फोट करेंगे। ईमेल में सुबह 11 बजे तक डॉक्टरों और छात्रों को बाहर निकालने की चेतावनी भी दी गई थी। सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने बिना देर किए पूरा कैंपस खाली करवा दिया और पुलिस को सूचित किया।
धमकी भरा यह ईमेल विश्वविद्यालय के डीन की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजा गया था। संदेश में लिखा गया था कि कॉलेज में सायनाइड पॉइजन वाले बम रखे गए हैं। 12:15 बजे ये बम ब्लास्ट करेंगे। 11 बजे तक डॉक्टर और स्टूडेंट्स को निकाल लें। मेल में धार्मिक नारे का भी उल्लेख किया गया है। ईमेल भेजने वाले ने खुद को सुसाइड बॉम्बर बताते हुए कहा कि यदि बम सक्रिय नहीं हुए तो हमलावर मेडिकल कॉलेज के अंदर घुसकर श्रीलंका के ईस्टर हमलों की तरह आत्मघाती विस्फोट करेंगे।
धमकी सामने आते ही यूनिवर्सिटी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। क्लासरूम, ओपीडी, लैब, प्रशासनिक भवन और बेसमेंट तक को खाली कराया गया। छात्रों, डॉक्टरों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकालकर गेट पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई। पुलिस ने पूरे परिसर को घेर लिया और लोगों से अफवाहों से बचने तथा केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की।
सूचना मिलते ही निशातपुरा थाना पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और एंटी साबोटाज टीम मौके पर पहुंच गई। पूरे कैंपस की एक-एक इमारत, कमरा, लैब और संवेदनशील स्थानों की सघन तलाशी ली गई। हालांकि, तय समय तक किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री की पुष्टि नहीं हुई लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने तलाशी अभियान जारी रखा।
यह भी पढ़ें:MP में फिर बदला मौसम का मिजाज, बारिश-ओलों से बढ़ी ठंड, फसलों पर संकट
पुलिस ने धमकी भरे ईमेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल सर्वर लोकेशन, आईपी एड्रेस और मेल के रूट को ट्रेस करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि धमकी को पूरी गंभीरता से लिया गया है और हर एंगल से जांच की जा रही है। प्रारंभिक स्तर पर इसे शरारत या फर्जी मेल की आशंका से भी जोड़ा जा रहा है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही जयपुर के जगतपुरा स्थित स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट एंड ग्रामोत्थान (SKIT) को भी इसी तरह बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। वहां भेजे गए ईमेल में आरडीएक्स और C4 से बने 19 आईईडी लगाए जाने का दावा किया गया था। मेल में 11:45 बजे विस्फोट की बात कही गई थी। उस मामले में भी प्रशासन ने एहतियातन कैंपस खाली कराकर पुलिस, बम स्क्वॉड और दमकल टीम को बुलाया था।
यह भी पढ़ें:इंदौर: गैंगस्टर सतीश भाऊ ने पत्नी के साथ किया सरेंडर, खजराना गणेश मंदिर में गुर्गों के साथ जबरन घुसा था