सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में अंधविश्वास का एक भयावह उदाहरण सामने आया है। जादू टोने के संदेह में एक युवक ने महिला और बुजुर्ग पुरुष की निर्मम हत्या कर दी गई। आरोपी ने बेहद ही क्रूर तरीके से दोनों के सिर धड़ से अलग कर दिए। इस दौरान बीच बचाव करने पहुंचे अन्य लोगों पर भी उसने जानलेवा हमला किया। इन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

यह सनसनीखेज घटना जियावन थाना क्षेत्र के ग्राम अतरवां के बैरिहवा टोला में हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी छत्रपति सिंह (21 वर्ष) ने पड़ोस में रहने वाले कमल नारायण सिंह (65 वर्ष) और फूलकली सिंह (50 वर्ष) को पूजा पाठ के बहाने बुलाया था। गुरुवार सुबह लगभग चार से पांच बजे के बीच उसने अचानक कुल्हाड़ी और धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर दोनों के सर धर से अलग कर दिए। 

यह भी पढ़ें:अभिव्यक्ति की आज़ादी अपमान का लाइसेंस नहीं, SC ने घूसखोर पंडित फिल्म का टाइटल बदलने का दिया निर्देश

इस दौरान शोर सुनकर बचाने पहुंचे रामसुजान सिंह, रामभजन सिंह और सुमित्रा सिंह पर भी आरोपी ने ताबड़तोड़ वार कर दिया जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल देवसर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी, मृतक और घायल सभी आपस में रिश्तेदार और पड़ोसी थे। आरोपी ने घटना से दो दिन पहले अपने घर के बाहर मिट्टी का चबूतरा तैयार कराया था और ग्रामीणों से कहा था कि गुरुवार सुबह वहां पूजा की जाएगी। पूजा के लिए चार पांच लोगों को बुलाया गया था। इनमें से आरोपी ने दो लोगों की हत्या कर दी। घटनास्थल से नारियल, अगरबत्ती और अन्य पूजन सामग्री बरामद हुई है। जिससे पुलिस को अंधविश्वास और जादू टोना से जुड़ा एंगल होने की आशंका है। कुछ रिपोर्टों में नरबलि की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस अभी सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें:अशोकनगर के कारोबारी को लॉरेंस गैंग के नाम पर मिली धमकी, फिरौती में मांगे गए 10 करोड़ रुपए

पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी पिछले छह महीनों से मानसिक तनाव में था। उसकी पत्नी का गर्भपात हो गया था। जिसके बाद उसे लगा कि देवी देवता उससे नाराज हैं और उसे पूजा पाठ के जरिए उन्हें प्रसन्न करना होगा। इसी अंधविश्वास के चलते उसने यह खौफनाक वारदात अंजाम दे दी।

घटना की सूचना मिलते ही जियावन थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर फॉरेंसिक और तकनीकी टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है।

यह भी पढ़ें:T-20 World Cup: टीम इंडिया पर टूटा मुसीबतों का पहाड़, चोटिल हुए धाकड़ सलामी बल्लेबाज ईशन किशन

एसपी मनीष खत्री और एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या अंधविश्वास और जादू टोने के संदेह से प्रेरित प्रतीत हो रही है लेकिन पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।