भोपाल। राजधानी भोपाल के शाहपुरा तालाब में शुक्रवार को 26 वर्षीय युवक का शव मिला। मृतक की पहचान 26 वर्षीय प्रियांशु जैन के रूप में हुई है जो आईआईटी कानपुर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर चुका था। हाल ही में एसएससी परीक्षा के माध्यम से उसका टैक्स असिस्टेंट पद पर चयन हुआ था और एक-दो महीने में उसकी जॉइनिंग होने वाली थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक सुबह डॉक्टर को दिखाने की बात कहकर घर से निकला था लेकिन वापस नहीं लौटा। बाद में शाहपुरा तालाब के पास उसकी स्कूटी मिली और तलाश के दौरान तालाब से उसका शव बरामद किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, प्रियांशु भोपाल के एक प्रतिष्ठित परिवार से था। उसके पिता राजेश जैन भोपाल स्मार्ट सिटी में अटैच पटवारी के पद पर कार्यरत हैं। जबकि, उसकी मां एक सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे वह स्कूटी से बंसल अस्पताल डॉक्टर को दिखाने जाने की बात कहकर घर से निकला था।
यह भी पढ़ें:CWG 2026: जैस्मिन, प्रीति और सोमन ने जीता गोल्ड, भारत देश के खाते में हुए कुल 8 स्वर्ण पदक
दोपहर करीब डेढ़ बजे तक उसके घर नहीं लौटने और मोबाइल फोन का जवाब नहीं मिलने पर परिवार चिंतित हो गया। मां ने इसकी जानकारी पिता को दी। जिसके बाद उन्होंने सबसे पहले बंसल अस्पताल पहुंचकर उसकी तलाश की लेकिन वहां उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिवार ने अपने स्तर पर खोजबीन शुरू की।
तलाश के दौरान शाहपुरा तालाब के पास पर्यावरण परिसर रोड किनारे प्रियांशु की स्कूटी खड़ी मिली। आसपास मौजूद कुछ बच्चों से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि एक युवक तालाब में उतरकर गहरे पानी की ओर चला गया था और बाद में डूब गया। बच्चों ने पानी के ऊपर उसकी टी-शर्ट दिखाई देने की भी बात कही। इसके बाद पिता ने स्थानीय मछुआरों की मदद से युवक को तालाब से बाहर निकलवाया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, प्रियांशु पिछले कुछ समय से एंजायटी और मानसिक तनाव से जूझ रहा था। करीब दो-तीन साल पहले उसका डिप्रेशन का इलाज भी चला था और हाल के दिनों में उसकी तबीयत ठीक नहीं रहने के कारण परिवार उसे डॉक्टर को दिखाने की सलाह दे रहा था। इसी सिलसिले में वह शुक्रवार सुबह घर से निकला था। परिजनों ने आशंका जताई है कि उसने तालाब में कूदकर आत्महत्या की हो सकती है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें:जैसलमेर में सेना की SUV दुर्घटनाग्रस्त, इंदौर के मेजर हमजा आरिफ की मौत, दो लेफ्टिनेंट घायल
प्रियांशु की शैक्षणिक उपलब्धियां भी उल्लेखनीय थी। उसने आईआईटी कानपुर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की थी और हाल ही में कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की परीक्षा पास कर टैक्स असिस्टेंट के पद पर चयनित हुआ था। नियुक्ति प्रक्रिया अंतिम चरण में थी और जल्द ही उसकी जॉइनिंग होने वाली थी। ऐसे में अचानक हुई इस घटना ने परिवार, रिश्तेदारों और परिचितों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
चूनाभट्टी थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों सहित संबंधित लोगों के बयान के आधार पर यह स्पष्ट किया जाएगा कि मामला आत्महत्या का है, दुर्घटना का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
यह भी पढ़ें:जबलपुर के अमित कुमार को राष्ट्रपति भवन से आया बुलावा, 15 अगस्त को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी सम्मानित