जबलपुर के अमित कुमार को राष्ट्रपति भवन से आया बुलावा, 15 अगस्त को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी सम्मानित
जबलपुर के 38 वर्षीय अमित कुमार को अटल पेंशन योजना में अनुशासित योगदान के लिए 15 अगस्त को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सम्मानित करेंगी। 2018 से हर महीने 130 रुपये जमा करने वाले अमित देश के चुनिंदा 10 लाभार्थियों में शामिल हैं।
मध्य प्रदेश के जबलपुर के रांझी क्षेत्र स्थित बापू नगर निवासी 38 वर्षीय अमित कुमार को अटल पेंशन योजना में सालों तक नियमित और अनुशासित योगदान देने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। आगामी 15 अगस्त को नई दिल्ली में आयोजित विशेष कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु उन्हें सम्मान प्रदान करेंगी। इसके साथ ही अमित को राष्ट्रपति के साथ आयोजित औपचारिक भोज में भी आमंत्रित किया गया है। राष्ट्रपति भवन से उन्हें आधिकारिक निमंत्रण पत्र और यात्रा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की जानकारी भेजी गई है।
अमित कुमार का चयन देशभर के उन 10 लाभार्थियों में हुआ है जिन्हें भारत सरकार ने इस सम्मान के लिए चुना है। अटल पेंशन योजना में उनकी लगातार भागीदारी और बिना किसी चूक के प्रीमियम जमा करने की आदत को देखते हुए उन्हें यह सम्मान दिया जा रहा है। उन्होंने साल 2018 में इस योजना से जुड़कर हर महीने 130 रुपये का प्रीमियम जमा करना शुरू किया था और तब से नियमित रूप से भुगतान कर रहे हैं। योजना के नियमों के अनुसार, 60 साल की आयु पूरी होने पर उन्हें हर महीने 3 हजार रुपये की पेंशन मिलेगी।
यह भी पढ़ें:कुलगाम में टारगेट किलिंग, आतंकियों ने नाम पूछकर मारी गोली, छत्तीसगढ़ के दो युवकों की मौत
शुक्रवार को अमित अपने घर पर मौजूद थे तभी खमरिया डाकघर से उन्हें फोन कर पते का सत्यापन किया गया। कुछ ही देर बाद डाक विभाग के अधिकारी और पोस्टमैन उनके घर पहुंचे तथा राष्ट्रपति भवन की ओर से भेजा गया आधिकारिक आमंत्रण पत्र उन्हें सौंपा। निमंत्रण के साथ नई दिल्ली आने-जाने की हवाई यात्रा, राष्ट्रपति भवन में प्रवेश पास, एक दिन के ठहरने की व्यवस्था और स्मृति उपहार की जानकारी भी दी गई है। इन सभी व्यवस्थाओं का खर्च भारत सरकार वहन करेगी।
अमित कुमार ने बताया कि जब उन्हें पहली बार चयन की सूचना मिली तो उन्हें इस पर विश्वास ही नहीं हुआ। राष्ट्रपति भवन का आधिकारिक निमंत्रण मिलने के बाद भी उन्हें यह किसी सपने के सच होने जैसा लग रहा है। उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों के बीच उनका चयन होना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। एक मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाले अमित का कहना है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें राष्ट्रपति से मिलने और उनके हाथों सम्मानित होने का अवसर मिलेगा। इसके लिए उन्होंने श्रम एवं रोजगार मंत्रालय और भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें:CNG Prices Hike: सीएनजी की कीमतों में फिर हुई बढ़ोतरी, 4 रुपए प्रति किलो बढ़े दाम
राष्ट्रपति भवन से निमंत्रण मिलने की खबर सामने आने के बाद अमित कुमार के परिवार, रिश्तेदारों और मोहल्ले में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह उपलब्धि केवल अमित के लिए ही नहीं बल्कि पूरे जबलपुर के लिए गौरव का विषय है। उनकी सफलता को नियमित बचत, वित्तीय अनुशासन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ने की प्रेरणादायक मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।




