भोपाल। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को संसद में बजट पेश किया। केंद्रीय बजट में मध्य प्रदेश को मामूली सौगात मिला है। वित्त मंत्री ने बजट भाषण के दौरान कहा कि इटारसी से विजयवाड़ा तक रेलवे का उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर बनाया जाएगा। जिसका नाम भाड़ा कॉरिडोर प्रोजेक्ट होगा। ये प्रोजेक्ट जून 2022 में शुरू होगा और 2030 तक इसे पूरा कर लिया जाएगा।

इसके अलावा वित्त मंत्री ने केन बेतवा प्रोजेक्ट के लिए 1400 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया है। उन्होंने इस प्रोजेक्ट को विस्तार करने का भी ऐलान किया है जिसके बाद इसमें 5 और नदियों को जोड़ा जाएगा। बुंदेलखंड क्षेत्र UP और MP में फैला हुआ है। केन-बेतवा इंटरलिंक प्रोजेक्ट की मदद से बुंदेलखंड में सिंचाई, पीने के पानी की कमी दूर हो सकेगी। पिछले साल मार्च में केंद्रीय जलशक्ति मंत्रालय और मध्य प्रदेश व उत्तर प्रदेश सरकार के बीच केन-बेतवा लिंक परियोजना का MOU साइन हुआ था।

यह भी पढ़ें: टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं, वित्त मंत्री ने मिडिल क्लास की उम्मीदों पर फेरा पानी, कॉरपोरेट को बड़ी राहत

जानकारी के मुताबिक केन-बेतवा लिंक परियोजना के लिए 44,605 ​​करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है। केंद्रीय सरकार ने इसके लिए 39 हजार 317 करोड़ रुपए की राशि को मंजूरी दे दी है। इसमें से 1400 करोड़ रुपए दे भी दिए हैं। जबकि 36,290 करोड़ रुपए केंद्र सरकार अनुदान के तौर पर देगी, साथ ही 3027 करोड़ रुपए का लोन देगी। केन-बेतवा लिंक से सालाना 10.62 लाख हेक्टेयर जमीन की सिंचाई हो सकेगी। वहीं 62 लाख लोगों को पीने का पानी भी मिलेगा। इसके अलावा 103 मेगावॉट हाइड्रोपॉवर और 27 मेगावाट की क्षमता वाला सोलर प्लांट भी बनाया जाएगा।

केन बेतवा प्रोजेक्ट से मध्यप्रदेश के 9 जिलों को डायरेक्ट फायदा होगा। इनमें पन्ना, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, दमोह, दतिया, विदिशा, शिवपुरी और रायसेन आते हैं। वहीं उत्तरप्रदेश के बांदा, महोबा, झांसी और ललितपुर जिले भी शामिल हैं।