भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मंगलवार को केंद्र और राज्य सरकार पर पेट्रोल, डीजल तथा सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी पर हमला बोला है। कमलनाथ ने कहा है कि सरकार आम लोगों को लूट रही है। उन्होंने कहा कि सरकार अपना टैक्स और पेट्रोलियम कंपनियों अपना थोड़ा मुनाफा कम करके देश की जनता को राहत पहुंचा सकते हैं।

कमलनाथ ने एक्स पोस्ट में लिखा, 'अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का बहाना बनाकर डीज़ल, पेट्रोल और CNG की क़ीमतों में जो वृद्धि की जा रही है, वह सीधे-सीधे सरकार द्वारा जनता की लूट है। सरकारी आंकड़े ख़ुद इस बात की गवाही देते हैं कि एक तरफ सरकार डीजल और पेट्रोल पर प्रति लीटर कम से कम 30 रुपए टैक्स वसूल कर रही है।'

कांग्रेस नेता ने आगे कहा, 'दूसरी तरफ पेट्रोलियम पदार्थ बेचने वाले कंपनियों के ख़ुद के आंकड़े बताते हैं कि इन कंपनियों ने न सिर्फ़ पिछले कुछ सालों में बल्कि इस वर्ष भी लाखो करोड़ रुपए मुनाफा कमाया है। पिछली तिमाही में ही कंपनियों ने 28 से 78% तक मुनाफा कमाया है। जब अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कच्चे तेल की कीमत कम थी तब सरकार डीजल पेट्रोल की कीमत कम करके जनता को राहत पहुँचा सकती थी, लेकिन राहत पहुँचाने के बजाय पेट्रोलियम कंपनियों ने भारी मुनाफा कमाया।'

कमलनाथ ने कहा कि अब जब अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कच्चे तेल की कीमतों में थोड़ी वृद्धि हुई है तो सारा बोझ जनता के ऊपर डाला जा रहा है। जबकि सरकार अपना टैक्स और पेट्रोलियम कंपनियों अपना थोड़ा मुनाफा कम करके देश की जनता को राहत पहुंचा सकते हैं।

बता दें कि सोमवार को पेट्रोल के दाम में 2.60 रुपये और डीजल के दाम में 2.70 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। पिछले 15 दिनों के अंदर चार बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ चुके हैं। ऐसे में अब तक ईंधन की कीमतों में करीब 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हो चुकी है।

वहीं, मंगलवार, 26 मई को कम्प्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। मई महीने में यह चौथी बढ़ोतरी है। तेल कंपनियों ने आज दिल्ली-एनसीआर में 2 रुपये प्रति किलोग्राम सीएनजी के दाम बढ़ा दिए हैं। इससे पहले, 23 मई को इसमें 1 रुपये प्रति किलो के हिसाब से इजाफा किया गया था, जिसके बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सीएनजी की कीमत नई कीमत 83.09 रुपये प्रति किलो हो गई है।