उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में सोमवार रात एक बड़ा बवाल उस समय खड़ा हो गया। इंदौर से आ रही एक ट्रेवल्स बस की टक्कर से दो गायों की मौत हो गई। घटना नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के रामवासा गांव के पास हुई। हादसे के बाद नाराज ग्रामीणों ने बस को रोक लिया। इस दौरान यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और वे बस से नीचे उतर गए। बाद में बस में आग लग गई। जिससे वह पूरी तरह जलकर राख हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, यह बस इंदौर के भाजपा विधायक गोलू शुक्ला की ट्रेवल्स कंपनी की बताई जा रही है। बस सोमवार रात यात्रियों को लेकर उज्जैन की ओर जा रही थी। इसी दौरान रामवासा गांव के पास तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से दो गायों की मौके पर ही मौत हो गई।

गायों की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और उन्होंने बस को घेर लिया। भीड़ बढ़ती देख बस चालक और परिचालक वहां से निकल गए। जबकि, डरे हुए यात्री भी सुरक्षित रहने के लिए बस से उतर गए। आरोप है कि इसके बाद कुछ लोगों ने बस में तोड़फोड़ की और उसमें आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही नानाखेड़ा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, दमकल कर्मियों के पहुंचने तक आग इतनी फैल चुकी थी कि बस पूरी तरह जल चुकी थी और उसे बचाया नहीं जा सका।

मामले में नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बस में आग किन परिस्थितियों में लगी। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।