भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोमवार को जिम्बाब्वे दौरे के लिए तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज हेतु 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान कर दिया। इस टीम में संजू सैमसन को जगह नहीं मिली है जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह की वापसी हुई है। 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को भी टीम में बरकरार रखा गया है। टीम की कमान श्रेयस अय्यर संभालेंगे। जबकि, तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है।
टी20 सीरीज के तीनों मुकाबले हरारे में खेले जाएंगे। पहला मैच 23 जुलाई, दूसरा 25 जुलाई और तीसरा 26 जुलाई को आयोजित होगा। विकेटकीपर के रूप में ईशान किशन पहली पसंद होंगे। जबकि, प्रभसिमरन सिंह बैकअप विकल्प की भूमिका निभा सकते हैं। वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा के पारी की शुरुआत करने की संभावना जताई जा रही है।
संजू सैमसन हालिया आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर विशेषज्ञ बल्लेबाज के रूप में टीम का हिस्सा थे। जबकि, विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ईशान किशन संभाल रहे थे। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में वैभव सूर्यवंशी ने सैमसन की जगह ओपनिंग करते हुए अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था और भारत के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बने थे। अब जिम्बाब्वे दौरे के लिए भी सैमसन को टीम में शामिल नहीं किया गया है।
सैमसन के अलावा अक्षर पटेल, हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह भी इस दौरे के लिए घोषित टीम में जगह नहीं बना सके हैं। वहीं, तेज गेंदबाज मयंक यादव की भारतीय टीम में वापसी हुई है। घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में अपनी तेज रफ्तार और सटीक गेंदबाजी से प्रभावित करने वाले मयंक पिछले कुछ समय से चोटों के कारण टीम से बाहर थे।
इस टीम में प्रभसिमरन सिंह की वापसी भी खास रही। इससे पहले उन्हें 2023 एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया था। इसके अलावा तेज गेंदबाज अशोक शर्मा और यश ठाकुर को पहली बार भारतीय टीम में मौका मिला है। बल्लेबाज रिंकू सिंह भी एक बार फिर राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बने हैं।
जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारत की टी20 टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर)।