भोपाल। पेट्रोल-डीज़ल और रसोई गैस के आसमान छूते दामों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी की मध्य प्रदेश इकाई ने जोरदार ढंग से आवाज़ उठाने का एलान किया है। इसके लिए पार्टी ने 20 फरवरी को मध्य प्रदेश बंद रखने की अपील की है। कांग्रेस पार्टी ने इसके लिए अपने कार्यकर्ताओं को दस बिंदुओं का दिशानिर्देश भी जारी किया है। जिसमें मध्य प्रदेश बंद को सफल बनाने के लिए ज़रूरी बातों क ध्यान रखने को कहा गया है। 





प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमल नाथ ने लगातार बढ़ते पेट्रोल डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर के दामों के विरुद्ध 20 फरवरी को दोपहर दो बजे तक प्रदेशव्यापी बंद रखने का आह्वान किया है। कांग्रेस ने कहा है कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता 5-5 की टोली बना कर अपने आस पास की जगहों पर लोगों से संपर्क करें और उनसे प्रदेश बंद का समर्थन करने की अपील करें। 



इसके साथ ही कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे अपने शहर और कस्बों के प्रमुख बाजारों और मंडियों सहित अन्य क्षेत्रों में भी लोगों से संपर्क करें और प्रदेशव्यापी बंद को सफल बनाने के लिए आग्रह करें। बंद को कारगर बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं से दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों से संपर्क साधने को भी कहा गया है। 



यह भी पढ़ें : भोपाल में मोटरसाइकिल की शवयात्रा, बढ़ती महंगाई के खिलाफ युवा कांग्रेस का प्रदर्शन



कांग्रेस साफ किया है कि बंद के इस एलान का असर दूध, अख़बार, दवा दुकानों और अस्पतालों पर नहीं पड़ेगा। इन सभी को बंद के दायरे से अलग रखा गया है।  कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ताओं से बंद को शांतिपूर्ण रखने का आह्वान किया है।  



इस समय देश भर में सबसे महंगा पेट्रोल मध्य प्रदेश में मिल रहा है। राज्य में पेट्रोल के दाम सौ का आंकड़ा पार कर चुके हैं। घरेलू गैस के बढ़ते दामों ने पूरे देश के मध्यमवर्ग पर महंगाई का बोझ और बढ़ा दिया है। यही वजह है कि कांग्रेस ने बढ़ते दामों के खिलाफ आवाज बुलंद करने का फैसला लिया है। सोमवार को युवा कांग्रेस ने भी बढ़ती महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया था। युवा कांग्रेस ने मोटरसाइकिल की शव यात्रा निकाल कर सांकेतिक विरोध किया था।