मुंबई। हिंदी सिनेमा और टीवी जगत के मशहूर अभिनेता सतीश शाह का शनिवार दोपहर लगभग 2:30 बजे मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में निधन हो गया। 74 वर्षीय अभिनेता पिछले कुछ समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे। हाल ही में उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। इसके बाद उनकी तबीयत में सुधार भी हुआ था। उनका पार्थिव शरीर फिलहाल अस्पताल में ही रखा गया है और अंतिम संस्कार रविवार को किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, सतीश शाह ने दोपहर का भोजन करने के बाद अचानक गिर गए थे। इसके बाद उन्होंनने दम तोड़ दिया। उनके करीबी दोस्त और मशहूर कॉमेडियन जॉनी लीवर ने दुख व्यक्त करते हुए बताया कि वे करीब 40 साल पुराने दोस्त थे। लीवर ने कहा, “सतीश बिल्कुल ठीक थे। कोलकाता में ट्रांसप्लांट के बाद वे स्वस्थ होकर लौटे थे। अचानक खाना खाने के बाद गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।”

यह भी पढ़ें:भारत ने ऑस्ट्रेलिया को तीसरे वनडे में नौ विकेट से हराया, रोहित शर्मा ने लगाया शतक

फिल्ममेकर विवेक शर्मा ने बताया कि शनिवार सुबह ही सतीश शाह से उनकी बातचीत हुई थी। “हम रोज बात करते थे। सुबह उन्होंने मुझे अपनी एक सेल्फी भेजी और कहा, ‘देख, मैंने 20-22 किलो वजन घटा लिया है, अब मैं कितना हैंडसम लग रहा हूं।’ उन्होंने कहा था कि नवंबर से हम नया काम शुरू करेंगे।” विवेक ने बताया कि सतीश के साथ वर्षों से काम कर रहे सहयोगी रमेश ही उन्हें अस्पताल लेकर गए।

सतीश शाह ने टीवी शो साराभाई वर्सेस साराभाई और कल्ट फिल्म जाने भी दो यारो से जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी। इसके अलावा उन्होंने कल हो ना हो (2003), मैं हूं ना (2004), फना (2006) और ओम शांति ओम (2007) जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में अपने अभिनय का जादू दिखाया है। वे अपने हास्य अभिनय और सहज संवाद शैली के लिए जाने जाते थे।

यह भी पढ़ें:MP: हेलमेट पहनकर खाद की लाइन में लगे कांग्रेस विधायक, कलेक्टर को फोन कर दी अव्यवस्था की जानकारी

टीवी की दुनिया में सतीश शाह का योगदान भी उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने 1984 में टीवी शो ये जो है जिंदगी से छोटे पर्दे पर डेब्यू किया था। इसमें उन्होंने 55 एपिसोड में 55 अलग-अलग किरदार निभाकर दर्शकों का दिल जीत लिया था। इसके बाद वे फिल्मी चक्कर, घर जमाई, टॉप 10, साराभाई वर्सेज साराभाई और कॉमेडी सर्कस जैसे लोकप्रिय शोज का हिस्सा रह चुके हैं। साल 2008 में अर्चना पूरन सिंह के साथ उन्होंने कॉमेडी सर्कस में बतौर जज भी काम किया था।

सतीश शाह का जन्म गुजरात के मांडवी में हुआ था। उन्होंने मुंबई के सेंट जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएशन करने के बाद पुणे के फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई) से अभिनय की औपचारिक शिक्षा ली थी। साल 1972 में उन्होंने डिजाइनर मधु शाह से शादी की थी। सतीश ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 1970 की फिल्म भगवान परशुराम से की थी। इसके बाद उन्होंने चार दशक से ज्यादा समय तक मनोरंजन जगत में सक्रिय रहकर कई यादगार भूमिकाएं निभाईं।

यह भी पढ़ें:इंदौर में ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेटरों से छेड़छाड़, बाइक सवार मनचलों ने गलत तरीके से छुआ

सतीश शाह के निधन से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर है। उनके साथ काम कर चुके कई कलाकारों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। भारतीय सिनेमा में हास्य और गंभीर अभिनय का अनोखा मेल रहे सतीश शाह की सरलता, टाइमिंग और ऊर्जावान अदायगी को हमेशा याद किया जाएगा।