भोपाल में मोटरसाइकिल की शवयात्रा, बढ़ती महंगाई के खिलाफ युवा कांग्रेस का प्रदर्शन

राजधानी में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, टैक्स घटाकर पेट्रोल-डीज़ल और रसोई गैस के आसमान छूते दामों से राहत देने की मांग

Updated: Feb 15, 2021, 10:03 AM IST

भोपाल। देश और प्रदेश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ आज प्रदेश की राजधानी भोपाल में युवा कांग्रेस ने अनोखा प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शहर में मोटरसाइकिल की शव यात्रा निकालकर पेट्रोल-डीज़ल के आसमान छूते दामों का विरोध किया। युवा कांग्रेस ने मोटरसाइकिल की यह शव यात्रा बोर्ड ऑफिस चौराहे से डीबी मॉल चौराहे तक निकाली।

युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अपने प्रदर्शन के दौरान मोदी सरकार और शिवराज सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। युवा कांग्रेस ने देश और प्रदेश में पेट्रोल डीज़ल और रसोई गैस सिलेंडर के लगातार बढ़ते दामों के खिलाफ अपनी आवाज़ बुलंद की। युवा कांग्रेस के प्रदर्शन का यह उद्देश्य राज्य सरकार से यह मांग करने का था कि शिवराज सरकार जल्द से जल्द जनता के ऊपर पड़ रही महंगाई की मार को नियंत्रित करे। युवा कांग्रेस ने अपने प्रदर्शन में जनता को महंगाई से निजात दिलाने की मांग की।  

आज मोटरसाइकिल ने आत्महत्या कर ली : विवेक त्रिपाठी

युवा कांग्रेस के इस प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष नरेंद्र यादव ने किया। दोपहर करीबन डेढ़ बजे से शुरू हुए इस प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के मीडिया प्रभारी विवेक त्रिपाठी भी शामिल रहे। प्रदर्शन के दौरान विवेक त्रिपाठी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि लगातार पड़ रही महंगाई की मार के कारण मोटरसाइकिल अपना भरणपोषण कर पाने में अब सक्षम नहीं है। पेट्रोल की कीमत सौ के पार पहुँच गई है, इसलिए आज हम मोटरसाइकिल की शव यात्रा निकाल रहे हैं।

 

मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के नेता विवेक त्रिपाठी ने महंगाई के लिए मोदी सरकार और शिवराज सरकार पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि 'बहुत हुई महंगाई की मार, अबकी बार मोदी सरकार' का नारा बुलंद कर बीजेपी ने अपनी सरकार तो बना ली, लेकिन महंगाई की इस मार ने जनता की कमर तोड़ कर रख दी है। पेट्रोल 100 के पार चला गया है, रसोई गैस के दामों में लगातार वृद्धि हो रही है। त्रिपाठी ने शिवराज सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि हम शिवराज सरकार को यह चेतावनी देते हैं कि पेट्रोल डीज़ल पर राज्य सरकार द्वारा लगाए जाने वाले सभी तरह के करों को समाप्त करके शिवराज सरकार जल्द से जल्द मध्य प्रदेश की जनता को महंगाई की मार से निजात दिलाए।