इंदौर। पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के इंदौर में होने वाले कॉन्सर्ट से पहले उनके चार लोकप्रिय गानों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने कार्यक्रम में 'पटियाला पैग' समेत चार गाने नहीं गाने के निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने यह कदम कॉन्सर्ट में बच्चों की मौजूदगी को देखते हुए उठाया है। दिलजीत का यह कार्यक्रम 15 नवंबर को इंदौर के सी-21 मॉल में आयोजित होना है।
जिला बाल संरक्षण अधिकारी की ओर से 6 नवंबर को जारी पत्र में जिन चार गानों का उल्लेख किया गया है, उनमें 'पटियाला पैग', '5 तारा ठेके', 'जेब विचों अफीम लभिया' और 'जट्ट उत्थे फायर करदा जित्थे पाबंदी हथियार दी' शामिल हैं। विभाग का कहना है कि इन गानों में शराब, नशे और हथियारों का जिक्र है। ऐसे में बच्चों पर इनका प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। कॉन्सर्ट में पांच साल से अधिक उम्र के बच्चों को प्रवेश देने की अनुमति है।
दरअसल, चंडीगढ़ निवासी प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धरेनावर ने 1 नवंबर को प्रशासन से इन गानों पर रोक लगाने की मांग की थी। उन्होंने अपनी शिकायत में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 22 जुलाई 2019 के आदेश का हवाला दिया था। इस आदेश में शराब, नशीले पदार्थों और हिंसा का महिमामंडन करने वाले गानों को सार्वजनिक कार्यक्रमों और लाइव कॉन्सर्ट में बजाने पर रोक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।
प्रोफेसर धरेनावर ने मांग की थी कि दिलजीत दोसांझ इन गानों के बोल बदलकर भी मंच पर प्रस्तुत न करें। इसके बाद जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने सी-21 मॉल प्रबंधन को पत्र लिखकर इन गानों को कार्यक्रम की सूची से बाहर रखने के निर्देश दिए। पत्र की प्रतियां जिला कलेक्टर, संबंधित एसडीएम, महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त संचालक और विजय नगर थाना प्रभारी को भी भेजी गई हैं।
प्रोफेसर धरेनावर ने अपनी शिकायत में कॉन्सर्ट के दौरान बच्चों को मंच पर बुलाने पर भी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि कार्यक्रम में तेज आवाज और फ्लैश लाइट्स बच्चों के स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकती हैं। उन्होंने यह भी मांग की है कि दिलजीत दोसांझ मंच पर क्रॉस स्टाइल में सिल्वर बुलेट बेल्ट (बैंडोलियर) या डमी कारतूस न पहनें। उनके मुताबिक, इस तरह की प्रस्तुति से हथियारों और हिंसा का प्रतीकात्मक संदेश जा सकता है।
इंदौर में कॉन्सर्ट को लेकर सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी सामने आई हैं। हालांकि, दिलजीत दोसांझ ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर स्पष्ट किया है कि उनका इंदौर कार्यक्रम तय कार्यक्रम के मुताबिक 15 नवंबर को ही होगा। उन्होंने कहा कि वह इंदौर आएंगे और प्रशंसकों से मुलाकात करेंगे। गौरतलब है कि इससे पहले नवंबर 2024 में हैदराबाद में उनके दिल-लुमिनाटी टूर के दौरान भी कुछ गानों को लेकर आपत्ति जताई गई थी और उन्हें गानों के बोल बदलकर प्रस्तुत करना पड़ा था।