दिल्ली NCR में वायु प्रदूषण ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। शनिवार को इंडिया गेट के आसपास एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 380 दर्ज किया गया। प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए क्षेत्र में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) का तीसरा चरण लागू कर दिया गया है। इसके तहत पांचवीं कक्षा तक के बच्चों की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में होगी। यानी स्कूलों में ऑफलाइन कक्षाओं के साथ ऑनलाइन पढ़ाई का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।
दूसरी ओर मध्य प्रदेश में दिवाली के आसपास मौसम में ठंडक बढ़ने लगी है। प्रदेश के कई शहरों में रात का तापमान गिरकर 13 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। शुक्रवार रात इंदौर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, शहडोल और दमोह में पारा 12.2 डिग्री रहा था। राजधानी भोपाल और हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
मौसम के मौजूदा रुख को देखते हुए अगले चार दिनों में मध्य प्रदेश के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आने का अनुमान है। इससे रात और सुबह के समय ठंड का असर बढ़ सकता है।
दिल्ली के साथ राजस्थान के कई इलाकों में भी वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ है। शनिवार सुबह खैरथल तिजारा जिले के भिवाड़ी में AQI 300 के पार दर्ज किया गया। इस स्तर पर हवा की गुणवत्ता स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक मानी जाती है।
राजस्थान में मौसम का मिजाज भी अलग-अलग इलाकों में बदला हुआ नजर आ रहा है। अजमेर समेत कई जिलों में आसमान पर हल्के बादल छाए रहे थे। जबकि, अलवर में सुबह के समय कोहरा देखने को मिला था। हालांकि, पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर अब भी बना हुआ है। शुक्रवार को वहां के अलग अलग जिलों में अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया था।