रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (JCC-J) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है।ज्ञानु-जानू हनीमून वीडियो मामले में अमित जोगी के खिलाफ रायपुर में FIR दर्ज की गई है। भाजपा नेताओं की शिकायत पर रायपुर के सिविल लाइंस थाने यह FIR दर्ज की गई है। वहीं, जनता कांग्रेस ने अमित जोगी के फरार होने संबंधी खबरों को भ्रामक बताया है।

दरअसल, अमित जोगी ने वोट चोरी के मुद्दे पर पीएम मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। वीडियो में दोनों के मुखौटे पहने किरदारों को दिखाया गया था। इस वीडियो में 'ज्ञानू-जानू की शादी' के नाम से सांकेतिक शादी और हनीमून का दृश्य दिखाया गया। हनीमून के दृश्य में एक व्यक्ति पीएम मोदी का मुखौटा पहने था जबकि एक अन्य व्यक्ति CEC ज्ञानेश कुमार के मुखौटे में था। इतना ही नहीं स्वयं अमित जोगी अमित शाह का मुखौटा पहनकर खड़े थे। 

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी आलोचना शुरू हो गई थी। हालांकि, लोगों की आपत्ति के बाद अमित जोगी ने गलती के लिए माफी भी मांगी और वीडियो डिलीट कर दिया। इसके बावजूद रायपुर पुलिस ने उनके विरुद्ध FIR दर्ज की। भाजपा विधायक राजेश मूणत ने कहा कि अमित जोगी ने देश के प्रधानमंत्री और चुनाव आयुक्त का किरदार निभाकर बेडरूम के दृश्य दिखाए। इसकी पटकथा लिखने वाले, वीडियो बनाने वाले कैमरामैन से लेकर इसमें रोल करने वालों के खिलाफ हमने शिकायत की है। हम सभी के मन में आक्रोश है।

इस बीच सोशल मीडिया पर जोगी के फरार होने की भी खबरें आई। हालांकि, जनता कांग्रेस ने इसे भ्रामक बताया है। पार्टी ने बयान जारी कर कहा कि अमित जोगी का 2 नवंबर से 8 नवंबर तक प्रदेश से बाहर रहने का पूर्व निर्धारित कार्यक्रम था। पार्टी के मुताबिक उन्होंने ईमेल के माध्यम से संबंधित थाने को अपनी स्थिति से अवगत करा दिया है। जनता कांग्रेस ने यह भी कहा है कि 9 नवंबर को अमित जोगी स्वयं थाने में उपस्थित होकर अपनी बात रखेंगे।