मध्य प्रदेश में दीपावली के बाद वायु प्रदूषण की स्थिति गंभीर होती जा रही है। आतिशबाजी, वाहनों के धुएं और सड़कों से उड़ती धूल के कारण प्रदेश के प्रमुख शहरों की हवा खराब हो गई है। 8 नवंबर सुबह 7 बजे से 9 नवंबर सुबह 7 बजे तक के आंकड़ों में ग्वालियर प्रदेश का सबसे प्रदूषित शहर रहा। यहां दीनदयाल नगर (डीडी नगर) में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 396 दर्ज किया गया जो बहुत खराब श्रेणी में आता है।

ग्वालियर के दूसरे इलाकों में भी प्रदूषण का स्तर काफी ऊंचा रहा। महाराज बाड़ा और सिटी सेंटर में AQI 373 दर्ज किया गया। वहीं, राजधानी भोपाल के टीटी नगर में यह आंकड़ा 377 तक पहुंच गया था। इंदौर के छोटी ग्वालटोली क्षेत्र में AQI 369 और जबलपुर के मराहतल में 350 रिकॉर्ड किया गया था। उज्जैन के रीजनल ऑफिस क्षेत्र में भी वायु गुणवत्ता सूचकांक 320 रहा था। इन आंकड़ों से साफ है कि दीपावली के बाद प्रदेश के बड़े शहरों में लोगों को प्रदूषित हवा में सांस लेनी पड़ रही है।

ग्वालियर में प्रदूषण की वजह केवल आतिशबाजी नहीं है। शहर में निर्माण कार्यों और सड़कों की खराब स्थिति के कारण धूल के कण भी हवा में बड़ी मात्रा में घुल रहे हैं। डीडी नगर और सिटी सेंटर में PM 2.5 यानी बेहद छोटे धूल कणों का प्रभाव अधिक पाया गया। वहीं, महाराज बाड़ा में PM 10 का स्तर सबसे ज्यादा दर्ज हुआ। PM 10 में अपेक्षाकृत बड़े धूल कण शामिल होते हैं। जिनकी मात्रा सड़क पर उड़ती धूल और वाहनों की आवाजाही से बढ़ती है।

शहर में कई प्रमुख सड़कों पर निर्माण और मरम्मत का काम चल रहा है। एलिवेटेड रोड परियोजना के कारण फूलबाग स्थित एयर पॉल्यूशन मॉनिटरिंग स्टेशन फिलहाल बंद है। इस वजह से वहां की वायु गुणवत्ता के ताजा आंकड़े उपलब्ध नहीं हो सके। इसके अलावा झांसी रोड, सचिन तेंदुलकर मार्ग और डीडी नगर सहित कई इलाकों में सड़कें उखड़ी हुई हैं। इन रास्तों से गुजरने वाले वाहनों के कारण धूल लगातार हवा में फैल रही है। दीपावली के दौरान बढ़े ट्रैफिक ने भी इस समस्या को और गंभीर बनाया।

दीपावली की रात शहर में देर तक आतिशबाजी होती रही थी। पटाखों से निकलने वाले धुएं और बारीक प्रदूषक कणों ने पहले से मौजूद धूल और वाहनों के उत्सर्जन के साथ मिलकर वायु गुणवत्ता को और खराब कर दिया। इसका असर शहर के अलग अलग मॉनिटरिंग केंद्रों पर दर्ज AQI में दिखाई दिया। ग्वालियर में निर्माण गतिविधियों, सड़क की धूल, बढ़ते ट्रैफिक और आतिशबाजी का संयुक्त असर देखने को मिला। यही वजह है कि 9 नवंबर की सुबह तक उपलब्ध 24 घंटे के आंकड़ों में शहर प्रदेश में प्रदूषण के मामले में सबसे ऊपर रहा।