इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर स्थित प्रतिष्ठित डीपीएस स्कूल को ड्रोन हमले की धमकी मिलने से मंगलवार को हड़कंप मच गया। स्कूल के आधिकारिक ईमेल पर आए संदेश में दोपहर 1 बजे ड्रोन से हमला करने की चेतावनी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और छात्रों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकालकर पूरे परिसर की सघन जांच शुरू कर दी गई।
जानकारी के मुताबिक, यह धमकी भरा मेल तमिलनाडु से भेजा गया बताया जा रहा है। मेल मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारी, बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड की टीम के साथ स्कूल पहुंचे थे। एहतियात के तौर पर सभी छात्रों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया और स्कूल परिसर की गहन तलाशी ली गई।
यह भी पढ़ें:शासकीय कर्मचारियों को विपश्यना शिविर के लिए विशेष अवकाश, छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा फैसला
घटना की जानकारी फैलते ही अभिभावकों में भी भारी चिंता का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में माता-पिता स्कूल पहुंच गए और अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आए। वहीं, एसीपी गांधीनगर ने पुष्टि की कि सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और पूरे परिसर की जांच की गई।
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में हाल के दिनों में बड़े संस्थानों को बम या हमले की धमकियां मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। भोपाल में भी कई अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों को इसी तरह के धमकी भरे मेल मिल चुके हैं। 18 मार्च को जेके मेडिकल यूनिवर्सिटी, जेके हॉस्पिटल, एलएनसीटी यूनिवर्सिटी और एलएन मेडिकल कॉलेज को एक साथ बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। उस दौरान कैंपस में 21 बम होने का दावा किया गया था। हालांकि, पुलिस जांच में यह धमकी झूठी साबित हुई थी। इसके अलावा एम्स भोपाल, नापतौल कार्यालय और पीपल्स यूनिवर्सिटी को भी पहले धमकी भरे संदेश मिल चुके हैं।
यह भी पढ़ें:रानी कमलापति स्टेशन के बाहर एक्टर राहुल चेलानी से लूट, फोन स्नैचिंग कर फरार हुए बाइकसवार