नई दिल्ली। मध्य प्रदेश से राज्यसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे बीजेपी नेताओं और दावेदारों को बड़ा झटका लगा है। बीजेपी हाईकमान ने मध्य प्रदेश में होने वाले इस चुनाव के लिए बाहरी उम्मीदवार का नाम फाइनल किया है। MP से केंद्रीय मंत्री डॉ एल मुरुगन राज्यसभा जाएंगे। बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति ने मुरुगन के नाम की घोषणा की है।

बीजेपी ने शनिवार को असम और मध्य प्रदेश के राज्यसभा उम्मीदवारों का ऐलान किया है। इसमें असम से सर्बानंद सोनोवाल को उम्मीदवार बनाया गया है। ये दोनों नेता फिलहाल केंद्र सरकार में मंत्री हैं। 

डा. एल मुरुगन को हाल में हुए कैबिनेट विस्तार में मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी विभाग में राज्यमंत्री बनाया गया था। डॉ मुरुगन मूलतः तमिलनाडु के रहने वाले हैं। इसके पहले वे तमिलनाडु बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। मंत्री बनने के बाद मुरुगन को 6 महीने के भीतर ऊपरी या निचली सदन का सदस्य बनना जरूरी था। ऐसे में बीजेपी ने मध्य प्रदेश से चुनाव में भेजना ज्यादा सुरक्षित माना है।

यह भी पढ़ें: ऑक्सीजन की कमी से हुई लोगों की मौत, PM Modi के बर्थडे पर नरोत्तम मिश्रा का कबूलनामा

वहीं, सर्बानंद सोनेवाल को बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री, आयुष विभाग की जिम्मेदारी मिली है। सर्बानंद सोनोवाल असम के मुख्यमंत्री थे। हालांकि, इस साल हुए चुनाव में बीजेपी ने उनके जगह हिमांता बिस्वा सरमा को सीएम बनाया, जिसके बाद ये तय हो गया था कि सोनोवाल को दिल्ली में एडजस्ट किया जाएगा।