खंडवा। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस मैदानी जमावट में जुटी हुई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ संगठन को मजबूत करने पर विशेष फोकस कर रहे हैं। ऐसे में संगठनात्मक भी बदलाव जारी है। इसी क्रम में कमलनाथ ने गुरुवार को खंडवा शहर अध्यक्ष की नियुक्ति की है। पूर्व सीएम ने कांग्रेस के शहर अध्यक्ष के पद पर डॉ. मुनिश मिश्रा को नियुक्त किया है।

दरअसल, कुछ महीने पहले ही कांग्रेस ने खंडवा शहर व जिलाध्यक्ष की नियुक्ति की थी। हालांकि, नियुक्तियों को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न के बाद होल्ड कर दिया गया था। अब कांग्रेस ने क्षेत्र के वरिष्ठ नेता डॉ. मुनिश मिश्रा को खंडवा शहर की जिम्मेदारी सौंपी है।
शुभम हॉस्पिटल के संचालक डॉ.मुनिष मिश्रा पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के करीबी माने जाते हैं। वह खंडवा विधानसभा से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव भी लड़ चुके है। 

खंडवा सीट एससी वर्ग के लिए आरक्षित है। इसी वजह से शहर अध्यक्ष के पद पर सामान्य वर्ग के चेहरे की डिमांड थी। खंडवा शहर अध्यक्ष के तौर पर मुनिष मिश्रा को नियुक्त कर कांग्रेस ने मालवा-निमाड़ क्षेत्र के ब्राह्मणों को साधने की कोशिशें की है। उधर, प्रदेश कांग्रेस में उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने ब्लॉक अध्यक्षों को नियुक्ति दी है। खंडवा जिले में फिलहाल, खंडवा और मांधाता विधानसभा को प्राथमिकता दी है। 

सूची अनुसार खंडवा विधानसभा में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर का जिम्मा रईस अब्बासी तथा शहर दक्षिण का अध्यक्ष अनुराग अत्रे को बनाया गया है। इसी तरह खंडवा ग्रामीण में पूर्व सरपंच राधेश्याम तोमर को जिम्मेदारी दी गई है। मांधाता विधानसभा की बात करें तो किल्लौद ब्लॉक में आनंदसिंह कलम, ओंकारेश्वर ब्लॉक में नादानसिंह सोलंकी, पुनासा ब्लॉक में दिनेश पंवार, मूंदी ब्लॉक में हौसीलाल यादव को जिम्मेदारी दी गई है।

यह भी पढ़ें: 100 यूनिट बिजली माफ, 200 यूनिट बिजली हाफ, बदनावर में कमलनाथ का बड़ा ऐलान

बता दें कि मालवा-निमाड़ को प्रदेश की सत्ता की चाबी कहा जाता है। जिस पार्टी को यहां कामयाबी मिलती है, प्रदेश की सत्ता पर उसी का राजतिलक होता है। पिछले पांच विधानसभा चुनावों के नतीजे यही कहते हैं। सियासी जानकारों की मानें तो साल 2018 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की हार की सबसे बड़ी वजह मालवा-निमाड़ ही रहा था। क्योंकि यहां की 66 सीटों में से सबसे अधिक 35 सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। वहीं, बीजेपी को महज 28 सीटों से संतोष करना पड़ा था और कांग्रेस 15 साल बाद प्रदेश की सत्ता वापसी में सफल रही थी। ऐसे में मालवा निमाड़ क्षेत्र में कांग्रेस विशेष रणनीति के तहत तैयारी कर रही है।