ग्वालियर। मध्य प्रदेश की सियासत में इन दिनों “औकात” शब्द की खूब चर्चा हो रही है। विगत दिनों विधानसभा में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को औकात में रहने की हिदायत दी थी। अब मध्य प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर को भी ‘औकात’ की याद आ गई। उन्होंने भू-माफिया से राहत की उम्मीद लेकर आए एक व्यक्ति से पूछ लिया- “तुम्हारी औकात क्या है?”
दरअसल, सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की AAP नेता से तीखी नोंकझोंक होती दिख रही है और इसी दौरान मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर गुस्से में तमतमाते हुए आप नेता से कहते सुनाई दे रहे हैं कि बकवास मत करो, तुम्हारी औकात क्या है? औकात की बात आने पर इसके बाद माहौल गर्मा जाता है और हंगामा होने लगता है।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रोहित गुप्ता कार्यकर्ताओं के साथ गुरुवार को ऊर्जा मंत्री तोमर के रेसकोर्स रोड सरकारी बंगले पर पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों के बीच तीखी बहस हो गई जिसका वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि जब आप नेता रोहित गुप्ता मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के बीच बातचीत हो रही होती है तब मंत्री तोमर गुस्से में आ जाते हैं और तमतमाते हुए कहते हैं कि ये बदमतमीजी कर रहा है, बकवास मत करो, तुम्हारी औकात क्या है? मुझे शिकायत करने क्यों आए हो, मैं कोई कार्रवाई नहीं करूंगा।
यह पूरा मामला ग्वालियर के गांधीनगर क्षेत्र का बताया जा रहा है। आरोप है कि मंत्री के करीबी गुड्डू उर्फ गौरव बाजपेयी ने पानी टंकी के पास स्थित ओबीसी महासभा के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार के एक फ्लैट पर अवैध कब्जा कर लिया है। पीड़ित विजय कुमार ने इस संबंध में पुलिस थाना, कलेक्टर, आईजी और डीआईजी सहित कई अधिकारियों को शिकायत दी थी। साथ ही उन्होंने ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर को भी कई बार आवेदन दिया, लेकिन आरोप है कि अब तक फ्लैट खाली नहीं कराया गया।
गुरुवार दोपहर विजय कुमार और AAP नेता रोहित गुप्ता मंत्री को ज्ञापन देने उनके बंगले पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि गौरव बाजपेयी मंत्री के नाम पर उन्हें डरा-धमका रहे हैं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गई।