मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के गरोठ थाना क्षेत्र स्थित कोटड़ा बुजुर्ग गांव में दूषित आइसक्रीम खाने से फूड पॉइजनिंग का बड़ा मामला सामने आया है। गांव में एक साथ करीब 20 से 30 लोगों की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। बीमारों में बच्चों की संख्या सबसे ज्यादा बताई जा रही है। कई बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें इलाज के लिए राजस्थान के भवानी मंडी के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। फिलहाल सभी मरीजों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, गांव में एक फेरीवाला आइसक्रीम बेचने पहुंचा था। ग्रामीणों और बच्चों ने उससे आइसक्रीम खरीदी और खाई थी। कुछ देर बाद ही लोगों को पेट दर्द, जी मिचलाना, उल्टी और दस्त जैसी शिकायतें शुरू हो गई। देखते ही देखते बीमार लोगों की संख्या बढ़ने लगी। जिसके बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह भी पढ़ें:भोपाल में बिना वीजा रह रही उज़्बेक महिला गिरफ्तार, बंगाल का युवक भी पुलिस हिरासत में
स्थानीय निवासी कमलेश प्रजापति ने बताया कि फूड पॉइजनिंग की चपेट में हर उम्र के लोग आए हैं लेकिन बच्चों पर इसका असर ज्यादा दिखाई दिया। कई बच्चों की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे।
मरीजों की संख्या अचानक बढ़ने से स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव बढ़ गया। शुरुआती इलाज के बाद कई लोगों को गरोठ के सरकारी अस्पताल भेजा गया। राजस्थान सीमा नजदीक होने के कारण गंभीर मरीजों को भवानी मंडी के अस्पतालों में रेफर किया गया। फिलहाल वहां उनका इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें:CG: दुर्ग में सिलेंडर ब्लास्ट, एक ही परिवार के 4 लोग जिंदा जले
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया। मेडिकल टीम को गांव भेजा गया है। उन्होंने मौके पर कैंप लगाकर बीमार लोगों की जांच शुरू कर दी है। गांव में मरीजों को दवाइयां दी जा रही हैं। जबकि, डिहाइड्रेशन से पीड़ित लोगों को ड्रिप चढ़ाई जा रही है।
सरकारी अधिकारियों के अनुसार, अब तक 8 बच्चों में गंभीर लक्षण पाए गए हैं और उनका विशेष उपचार किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने आइसक्रीम के सैंपल की जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि आइसक्रीम में कौन सा दूषित या जहरीला तत्व था। जिसकी वजह से इतनी बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़ गए।
यह भी पढ़ें:ग्वालियर में रक्षक बने भक्षक, पूर्व एसपी राजेश समेत 4 पुलिसकर्मियों पर डकैती का आरोप