मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर से एक पूर्व बीजेपी विधायक की गुंडागर्दी सामने आई है। यहां पूर्व विधायक राधेश्याम पाटीदार ने टोल मैनेजर से मारपीट की। उन्होंने टोलकर्मियों पर अपनी बहू से बदसलूकी करने के आरोप लगाए।

मामला 25 जून का बताया जा रहा है। रविवार 29 जून को इसका वीडियो सामने आया है। वीडियो में कुर्ता-पजामा पहने दिख रहे पाटीदार ने टोल मैनेजर को लगातार एक के बाद एक कई थप्पड़ मारे। इसके बाद उसे धक्का मारकर साइड में ले जाते दिखे।

बताया जा रहा है कि इस विवाद की शुरुआत 22 जून को टोल से ट्रैक्टर निकालने की बात से हुई। पूर्व विधायक पाटीदार का ट्रैक्टर टोल से गुजर रहा था, इसी दौरान बहस हुई। इसी के थोड़ी देर बाद उनकी बहू और जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा पाटीदार मंदसौर से अपने निवास गुराडिया विजय जा रही थीं। आरोप है कि टोल कर्मियों ने उनके साथ बदसलूकी की।

एसपी को दी शिकायत में उन्होंने टोल कर्मचारियों पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल और अश्लील इशारे करने का आरोप लगाया है। वहीं, इस मामले में टोल प्लाजा मैनेजर केतन उपाध्याय ने कहा कि अभी हम मीडिया से बात करने की हालत में नही हैं, जो घटना हुई वो सबके सामने हैं।