ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में मंगलवार देर रात करीब 12 बजे हिस्ट्रीशीटर छोटू राजावत की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात मेला रोड पर एलएनआईपीई इंस्टीट्यूट के पास रेलवे ओवरब्रिज के नजदीक हुई। पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने छोटू को बाइक से नीचे खींचकर सीने और सिर में बेहद करीब से गोली मारी। घटना के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। मृतक के साथी के बयान के आधार पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है।

पुलिस के अनुसार, छोटू राजावत अपने साथियों टिल्लू, हेमसिंह, नीतेश और गोलू के साथ सिरोल की ओर से बाइक पर आ रहा था। इसी दौरान ओवरब्रिज के पास पहले से मौजूद हमलावरों ने उन्हें रोक लिया। बताया गया है कि दीनू और हेमू ने छोटू को कॉलर से पकड़ा और बाइक से नीचे खींच लिया। इसके बाद दोनों ने उसके सीने और सिर पर गोली मारी। गोली लगने से छोटू ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार, पड़ाव थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव और धर्मेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस की शुरुआती जांच में छोटू राजावत की हत्या का संबंध करीब एक साल पहले हुए भोला सिकरवार हत्याकांड से जोड़ा जा रहा है। छोटू इस मामले में आरोपी था और जेल भी गया था। वह हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। पुलिस के मुताबिक, छोटू के खिलाफ एक दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज थे।

भोला सिकरवार हत्याकांड की जांच में सामने आया था कि छोटू राजावत ने भोला की लोकेशन बंटी भदौरिया तक पहुंचाई थी। इसके बाद भोला की हत्या कर दी गई थी। इसी वजह से पुलिस अब दोनों घटनाओं के बीच संभावित कड़ी की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, भोला के भाई दीनू ने सोशल मीडिया के जरिए गैंगस्टर बंटी भदौरिया को चुनौती दी थी। इसके बाद बंटी अपने विरोधी दीनू की तलाश में आया था। दीनू नहीं मिलने पर उसके भाई भोला को गोली मार दी गई थी। जांच के दौरान छोटू पर भोला की लोकेशन बंटी को बताने का आरोप सामने आया था।

मृतक के साथी के बयान के आधार पर पुलिस ने हेमू सिकरवार, दीनू सिकरवार, रानू, राजवीर और अजीत के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

ग्वालियर एएसपी सुजावल बग्गा के मुताबिक, छोटू राजावत हत्याकांड में आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।