ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में नेशनल हाईवे-44 पर शनिवार को एक बेहद खतरनाक और हैरान करने वाला सड़क हादसा हुआ। वहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक कार को टक्कर मारने के बाद उसे करीब डेढ़ किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया। इस दौरान कार ट्रक के अगले हिस्से में फंसी रही और अंदर बैठे लोग जान बचाने के लिए लगातार मदद की गुहार लगाते रहे। गनीमत रही कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हाईवे सुरक्षा और पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, हादसा डबरा क्षेत्र के आंतरी थाना इलाके में टेकनपुर सीमा के बाहर बझेरा गांव की पुलिया के पास हुआ। तेज रफ्तार ट्रक (RJ-11 GC-2456) नेक्सॉन कार (MP07-ZG-9779) से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रक के आगे फंस गई लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय ट्रक को लहराते हुए हाईवे पर दौड़ाना जारी रखा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक करीब डेढ़ किलोमीटर तक कार को घसीटता हुआ डिफेंस पार्क के सामने तक ले गया।

हादसे के समय कार में तीन लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि वे ओरछा से लौट रहे थे और उनमें एसएएफ से जुड़े अधिकारी भी शामिल थे। वीडियो में दिखाई देता है कि कार चालक ट्रक से बाहर निकलकर बार-बार हाथ पटकते हुए ट्रक रुकवाने की कोशिश करता रहा लेकिन चालक ने गति कम नहीं की। हाईवे पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों ने भी लगातार हॉर्न बजाकर और आवाज लगाकर ट्रक को रुकवाने का प्रयास किया लेकिन आरोपी चालक किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था।

घटना को पीछे चल रहे वाहन सवारों ने मोबाइल में रिकॉर्ड किया। प्रत्यक्षदर्शी सेबू गुर्जर जो बाइक से जा रहे थे और कार सवार रणजीत सिंह तोमर सहित कई लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर ट्रक का पीछा किया। लगातार पीछा और शोर शराबे के बाद चालक ने कार को सड़क किनारे खाईनुमा गड्ढे की ओर ले जाकर छोड़ दिया और भागने की कोशिश की। हालांकि, लोगों ने कुछ दूरी पर ट्रक को घेरकर रोक लिया और चालक को पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई भी कर दी।

बताया जाता है कि कार खाई में गिरने के बावजूद अंदर बैठे लोग सुरक्षित बाहर निकल आए जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के दौरान हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था और कई वाहन चालकों ने इसे किसी फिल्मी दृश्य जैसा बताया।

घटना के बाद राहगीरों ने पुलिस पर देरी और निष्क्रियता के आरोप लगाए। उनका कहना था कि सूचना देने के बावजूद तुरंत पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। हालांकि, आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को मिली थी और ट्रक को बिलौआ क्षेत्र में रोक लिया गया है लेकिन अब तक किसी पीड़ित द्वारा औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर ही मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।