भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड में भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इस हादसे में आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यह हादसा भिंड-इटावा NH 719 पर हुआ है। बताया जा रहा है कि दिल्ली से भिंड आ रही बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। यह मामला फूप थाना क्षेत्र का है। सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, यह बस दिल्ली से भिंड आ रही थी। इसी दौरान फूप थाना क्षेत्र के बरही गांव के पास बस अनियंत्रित होकर पलट गई। उधर, मध्य प्रदेश के छतरपुर के मलहरा में भीषण सड़क हादसा हो गया, इस हादसे में तीन बच्चे सहित 5 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को बड़ामलहरा सिविल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
वहीं गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार, छतरपुर जिले के भगवा थाना क्षेत्र के बड़ामलहरा-घुवारा मार्ग के पास डीजे वाहन और बग्गी वाहन की आपस में भिड़ंत हो गई। बग्गी संचालक रजपाल यादव ने बताया कि घटना में कुल 5 लोग घायल हुए है, जिनमें तीन नाबालिक हैं और दो बालिग हैं। घटना में बग्गी का घोड़ा भी घायल हुआ है।