भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां दो बदमाशों ने 16 साल की एक मानसिक रूप से कमजोर नाबालिग लड़की को अपनी हवस का शिकार बनाया। आरोपियों ने न सिर्फ इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया बल्कि इसका वीडियो भी बना लिया। दरिंदगी की हदें तब पार हो गई जब आरोपियों ने घटना के करीब एक हफ्ते बाद इस अश्लील वीडियो को पीड़िता के भाई के मोबाइल पर भेज दिया। वीडियो सामने आने के बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गैंगरेप और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर एक नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित लड़की मानसिक रूप से कमजोर है और उसने कुछ समय पहले ही स्कूल जाना छोड़ दिया था। मोहल्ले में रहने वाले दो लड़के पिछले कई दिनों से उस पर दोस्ती करने और साथ घूमने चलने का दबाव बना रहे थे। पीड़िता लगातार उनसे दूरी बनाए हुए थी और बात नहीं करती थी।
यह भी पढ़ें:ट्रेन के 1st AC कूपे को बनाया हनीमून सुइट, रेलवे ने TTE को किया सस्पेंड, डेकोरेटर पर भी FIR
बीते 1 जुलाई को जब नाबालिग लड़की अपने घर के पास अकेली थी तब दोनों आरोपी बात करने के बहाने उसे बहला फुसलाकर पास की ही एक बस्ती के स्कूल के पीछे सुनसान जगह पर ले गए। वहां दोनों ने लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और वीडियो मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया। मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण डरी सहमी पीड़िता घर लौटने के बाद भी अपने परिवार को आपबीती नहीं बता सकी।
घटना के करीब पांच दिन बाद आरोपियों ने अपनी करतूत का वीडियो पीड़िता के भाई के व्हाट्सएप पर भेज दिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने इस वीडियो को कुछ अन्य लोगों के साथ भी शेयर किया था। बुधवार रात जब भाई ने मोबाइल पर यह वीडियो देखा तो परिवार के होश उड़ गए। परिजन तुरंत पीड़िता को लेकर कटारा हिल्स थाने पहुंचे और मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत मिलते ही केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दूसरे फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें:महादेव बेटिंग केस में CBI ने 25 के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट, 8 के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी