ट्रेन के 1st AC कूपे को बनाया हनीमून सुइट, रेलवे ने TTE को किया सस्पेंड, डेकोरेटर पर भी FIR
ट्रेन के फर्स्ट AC कूपे को हनीमून सुइट बनाने का वीडियो वायरल होने पर रेलवे ने कड़ा एक्शन लेते हुए TTE को तत्काल सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं, सजावट करने वाले डेकोरेटर पर केस दर्ज हुआ है।
ट्रेन के फर्स्ट एसी कूपे को हनीमून सुइट की तरह सजाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भारतीय रेलवे ने सख्त कार्रवाई की है। साउथ सेंट्रल रेलवे ने ड्यूटी में गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित मुख्य टिकट निरीक्षक (TTE) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, बिना अनुमति और बिना टिकट ट्रेन में प्रवेश कर कूपे की सजावट करने वाले डेकोरेटर के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। रेलवे ने इस पूरे मामले में विभागीय जांच भी शुरू कर दी है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह घटना बीते 6 जुलाई को नंदीग्राम एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 11002) में हुई थी। ट्रेन के फर्स्ट एसी कूपे में यात्रा कर रहे एक दंपती ने अपने सफर को खास बनाने के लिए ऑनलाइन एक डेकोरेटर की सेवा ली थी। जालना स्टेशन पर डेकोरेटर बिना किसी अधिकृत अनुमति और बिना टिकट के ट्रेन में चढ़ गया और कूपे को सजाने के बाद उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला रेलवे अधिकारियों के संज्ञान में आया।
यह भी पढ़ें:महादेव बेटिंग केस में CBI ने 25 के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट, 8 के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी
जांच में रेलवे ने पाया कि ट्रेन के सुरक्षित क्षेत्र में एक बाहरी व्यक्ति का बिना अनुमति प्रवेश करना सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन है। इसी आधार पर संबंधित TTE को तत्काल निलंबित कर दिया गया और पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए गए। साथ ही डेकोरेटर के खिलाफ बिना टिकट यात्रा करने, ट्रेन में अनधिकृत प्रवेश करने और रेलवे अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करने के आरोप में कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।
करीब 30 सेकंड के वायरल वीडियो में फर्स्ट एसी कूपे को पूरी तरह रोमांटिक अंदाज में सजाया गया दिखाई देता है। कूपे के प्रवेश द्वार पर दिल के आकार की गुलाबी झालरें लगाई गई थी। अंदर फर्श पर गुलाब की पंखुड़ियां बिछी थी। जबकि, छत को लाल और सफेद गुब्बारों से सजाया गया था। सीट पर सफेद चादर बिछाकर गुलाब की पंखुड़ियों से दिल का डिजाइन बनाया गया था। ऊपरी बर्थ पर बड़े अक्षरों में 'I Love You' लिखा गया था और वहां तक जाने वाली सीढ़ियों को फूलों की पंखुड़ियों व कृत्रिम दीयों से सजाया गया था। दीवारों पर फूलों की लड़ियां, गुलाब और पीली एलईडी लाइटें लगाई गई थी। वीडियो में बैकग्राउंड में सलमान खान का लोकप्रिय गीत जग घुमेया थारे जैसा ना कोई भी सुनाई दे रहा था।
यह भी पढ़ें:MP में मानसून का कहर, भिंड में रेड अलर्ट, कुछ जिलों में बाढ़ जैसे हालात
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तीखी बहस छिड़ गई थी। कई लोगों ने रेल मंत्री और प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को टैग करते हुए सवाल उठाया कि क्या ट्रेन के कोच में इस तरह की सजावट की अनुमति है। शुरुआत में कुछ अधिकारियों ने यह तर्क दिया था कि कूपे पूरी तरह बुक होने के कारण यदि रेलवे संपत्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा हो तो इसे अलग नजरिए से देखा जा सकता है। हालांकि, बाद में साउथ सेंट्रल रेलवे ने स्पष्ट कर दिया कि किसी भी बाहरी व्यक्ति का बिना अनुमति ट्रेन में प्रवेश कर इस प्रकार की गतिविधि करना रेलवे नियमों का सीधा उल्लंघन है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।




