शहडोल। शहडोल के ब्यौहारी के शासकीय माध्यमिक विद्यालय चरका में मिड डे मील में छिपकली मिली। इसे खाने से तीन बच्चे बीमार हो गए। दरअसल, शनिवार को स्कूल में मध्यान्ह भोजन के दौरान एक छात्रा नेहा सेन की थाली में छिपकली मिली।
खाना खाने के बाद कुछ बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने अस्पताल में ही उल्टियां करना शुरू कर दिया। इनमें तीन छात्राओं को सिविल हॉस्पिटल ब्यौहारी में भर्ती कराया गया। ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर निशांत सिंह परिहार ने बताया कि भर्ती बच्चों की उम्र 12-13 साल है। अस्पताल पहुंचने पर बच्चों की हालत गंभीर थी। इलाज के बाद अब उनकी हालत बेहतर है।फिलहाल उन्हें निगरानी में रखा गया है।
अस्पताल में भर्ती बच्चों में पूनम साहू, नेहा सेन और आशियाना साहू शामिल हैं। नेहा सेन के पिता महेश सेन ने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर उनकी बेटी की हालत नाजुक थी। गांव के सरपंच बनवारी सिंह ने कहा कि स्व सहायता समूह की ये गंभीर लापरवाही है। इस मामले पर पंचायत में बैठक की जाएगी।