देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनियों में शामिल मारुती सुजुकी इंडिया ने ग्राहकों को बड़ा झटका दिया है। जून 2026 से अपनी गाड़ियों की कीमतें बढ़ाने का ऐलान किया है। कंपनी ने कहा है कि बढ़ती महंगाई, उत्पादन लागत और प्रतिकूल लागत माहौल के चलते उसके सभी मॉडल महंगे होंगे। नई कीमतें 1 जून 2026 से लागू होंगी और अलग-अलग मॉडलों के आधार पर कारों की कीमत में अधिकतम 30 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी की जाएगी।

कंपनी ने गुरुवार को रेगुलेटरी फाइलिंग में जानकारी देते हुए बताया कि पिछले कुछ समय से कच्चे माल और उत्पादन से जुड़ी लागत लगातार बढ़ रही है। इसके असर को कम करने के लिए कंपनी ने कई स्तरों पर लागत नियंत्रण के प्रयास किए लेकिन अब बढ़े हुए खर्च का एक हिस्सा ग्राहकों तक पहुंचाना जरूरी हो गया है। हालांकि, कंपनी ने यह भी कहा कि वह कीमतों में बढ़ोतरी का असर ग्राहकों पर न्यूनतम रखने की कोशिश करेगी।

यह भी पढ़ें:बेरोजगारी से परेशान होकर अस्पताल में युवक ने लगाई फांसी, लोगों की सतर्कता से बची जान

मारुति सुजुकी के मुताबिक, कीमतों में बदलाव पूरे फोर व्हीलर पोर्टफोलियो पर लागू होगा। इसका मतलब है कि एंट्री लेवल कारों से लेकर प्रीमियम मॉडल तक सभी वाहनों की कीमतों में इजाफा देखने को मिलेगा। हालांकि, कंपनी ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि किस मॉडल की कीमत में कितनी वृद्धि होगी। आने वाले दिनों में अलग-अलग गाड़ियों की नई एक्स शोरूम कीमतें जारी की जा सकती हैं।

फिलहाल कंपनी के पोर्टफोलियो में एंट्री लेवल मारुति सुजुकी एस प्रेसो से लेकर प्रीमियम यूटिलिटी व्हीकल मारुति सुजुकी इंविक्टो तक कई मॉडल शामिल हैं। इनकी कीमतें करीब 3.49 लाख रुपये से 28.7 लाख रुपये तक जाती हैं। कंपनी की लोकप्रिय कारों में मारुति सुजुकी आल्टो के10, मारुति सुजुकी सेलेरियो और मारुति सुजुकी वैगनआर भी शामिल हैं।

यह भी पढ़ें:इंदौर में 13 साल की बच्ची की 42 वर्ष के अधेड़ से कराई शादी, दुल्हा सहित 13 लोगों पर FIR

ऑटो सेक्टर में बढ़ती लागत और महंगाई के दबाव के कारण कंपनियां समय-समय पर कीमतों में बदलाव करती रही हैं। मारुति सुजुकी ने भी अपने बयान में कहा कि मौजूदा आर्थिक परिस्थितियों और इनपुट कॉस्ट में लगातार बढ़ोतरी के चलते यह फैसला लेना जरूरी हो गया था। अब 1 जून से नई कीमतें लागू होने के बाद ग्राहकों को मारुति की कार खरीदने के लिए पहले से ज्यादा रकम चुकानी पड़ेगी।