पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना में एक मजदूर की किस्मत अचानक ऐसी चमकी की उसे लाखों का हीरा सड़क पर पड़ा मिला। पन्ना में जहां कई लोगों को वर्षों की कड़ी मेहनत के बाद भी हीरा नहीं मिलता, वहीं मजदूर को जेम्स क्वालिटी का हीरा मिलने की खबर सुर्खियों में है। मजदूर का कहना है कि वह खेरा माता के दर्शन कर लौट रहा था इसी दौरान उसे हीरा मिला।
59 वर्षीय गोविंद सिंह आदिवासी राहुनिया गुजार गांव के रहने वाले हैं। गोविंद सिंह रोज की तरह सुबह खेरा माता के दर्शन करने गए थे। जब वह वापस लौट रहे थे, तभी उनकी नजर सड़क किनारे पड़े चमचमाते पत्थर पर पड़ी। जिज्ञासावश उन्होंने पत्थर उठा लिया और घर ले आए। परिवार को जब वह पत्थर दिखाया तो उन्हें यह हीरे जैसा लगा।
गोविंद सिंह तत्काल अपने परिवार के साथ उस पत्थर को लेकर हीरा कार्यालय पहुंचे। जब हीरा पारखी ने चमचमाते पत्थर की जांच की तो वह जेम्स क्वालिटी का 4.04 कैरेट का हीरा निकला। इसकी कीमत 10 लाख रुपए से अधिक है। यह सुनते ही गोविंद सिंह और उनके परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
मजदूर गोविंद सिंह ने यह अनमोल हीरा नियम अनुसार हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है। गोविंद सिंह के चार बेटे और चार बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। सभी मजदूरी कर अपना जीवन यापन करते हैं। उन्होंने बताया कि उनके पास सिर्फ एक एकड़ जमीन है, जिसमें वह सब्जी उगाते हैं।
गोविंद सिंह ने बताया कि वह 3 साल से माता रानी से यही प्रार्थना कर रहे थे कि उन्हें इतना सक्षम बना दें कि वह भी अपने भाइयों की तरह एक ट्रैक्टर खरीद सकें। उन्होंने कहा कि हीरा नीलामी के बाद मिलने वाले पैसों से वह अपना अधूरा पड़ा मकान बनवाएंगे और ट्रैक्टर भी खरीदेंगे।