भोपाल। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए बीजेपी ने उम्मीदवार घोषित कर दिया है। दतिया उपचुनाव के लिए बीजेपी ने तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए आशुतोष तिवारी को टिकट दिया है। माना जा रहा था कि यहां से बीजेपी नरोत्तम मिश्रा को टिकट देगी। हालांकि, मिश्रा को पार्टी नेतृत्व ने बड़ा झटका दिया है।

बीजेपी ने शुक्रवार को आशुतोष तिवारी के नाम पर मुहर लगाई। पार्टी ने दिल्ली हाईकोर्ट से राजेंद्र भारती की सजा पर रोक लगाने से इनकार किए जाने के बाद लिस्ट जारी की है। आशुतोष तिवारी ने 2023 में सेवढ़ा विधानसभा क्षेत्र से BJP का टिकट मांगा था, लेकिन यह टिकट प्रदीप अग्रवाल को दिया गया। तिवारी भाजपा के संभागीय संगठन मंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा, वे M.P. हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन (कैबिनेट मंत्री के दर्जे के साथ) के पद पर भी रहे हैं।

नरोत्तम मिश्रा 2023 में दतिया विधानसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार राजेन्द्र भारती से अपना चुनाव हार गए थे। हालांकि, इस बार पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही तैयारियों में जुट गए थे। कई चुनावी सभाएं भी कर चुके थे, और नामांकन पत्र तक खरीद चुके थे। लेकिन ऐन वक्त पर बीजेपी ने उनका टिकट काट दिया।