राजगढ़। पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा है। पार्टी की करारी हार से देशभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में निराशा है। पार्टी की हार से आहत होकर मध्य प्रदेश के राजगढ़ में एक कांग्रेस कार्यकर्ता ने बीच चौराहे पर अपना सिर मुंडवा लिया। 

मामला राजगढ़ के नरसिंहगढ़ जिले का है। कांग्रेस के मंडलम अध्यक्ष बाबू सिंह मीणा ने दावा किया था कि 4 राज्यों में कांग्रेस की सरकार बनेगी। मीणा ने चुनाव नतीजे आने से पहले कहा था कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी सत्ता में आएगी जबकि अन्य चार राज्य पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में कांग्रेस सरकार बनाएगी। मीणा ने यह भी कहा था कि यदि ऐसा नहीं होता है तो वह बीच चौराहे पर अपना सिर मुंडवा लेंगे।

यह भी पढ़ें: दफ़्तर दरबारी: कहानी एमपी में चाइल्ड बजट बनाने की

गुरुवार को जब चुनावी नतीजे सामने आए तो मीणा के सभी दावे गलत साबित हुए। कांग्रेस सभी जगह बुरी तरह चुनाव हार गई और उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की भी वापसी नहीं हो सका। इसके अगले दिन यानी शुक्रवार को बाबू मीणा ने बीच चौराहे पर दाढ़ी, मूंछ और सिर मुंडवाकर अपना वचन निभाया।

बता दें कि यह वही बाबू सिंह मीणा हैं जो बीते दिनों दिग्विजय सिंह के राजगढ़ प्रवास के दौरान सुर्खियों में आए थे। उन्होंने सार्वजनिक रूप से कांग्रेस विधायकों के व्यवहार पर आपत्ति जताई थी। मीणा ने दिग्विजय सिंह से कहा था कि, 'साहब मैं पार्टी के काम के लिए एक जेब मे रोटी और दूसरी जेब मे दवाई लेकर चलता हूं। उसके बावजूद जब भी कांग्रेस के विधायक बनते हैं, तो हमारा मजाक उड़ाया जाता है।'