पचमढ़ी। सतपुड़ा की रानी नाम से मशहूर मध्य प्रदेश के हिल स्टेशन पचमढ़ी में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 8.30 बजे पचमढ़ी थाना क्षेत्र के होटल सिनेरिटी में एलपीजी सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना जोरदार था कि करीब 20 मीटर दूर स्थित पांडव रिट्रीट तक इसका असर महसूस किया गया। धमाके में होटल की इमारत को भारी नुकसान पहुंचा है।
हादसे के समय होटल में ठहरे महाराष्ट्र के बुलढाना जिले के एक परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा होटल का एक कुक भी आग की चपेट में आकर झुलस गया। घटना की सूचना मिलते ही पचमढ़ी थाना प्रभारी पदम सिंह मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत बचाव कार्य शुरू हुआ। सभी घायलों को पहले पचमढ़ी अस्पताल पहुंचाया गया जहां से हालत को देखते हुए उन्हें पिपरिया रेफर किया गया है।
यह भी पढ़ें:इंदौर: भागीरथपुरा में दूषित पानी से 32वीं मौत, 65 वर्षीय महिला ने बॉम्बे हॉस्पिटल में तोड़ा दम
होटल सिनेरिटी पचमढ़ी थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। यह होटल सतपुड़ा टाइगर रिजर्व पचमढ़ी के सहायक संचालक संजीव शर्मा का बताया जा रहा है जिसे कांग्रेस नेता के भाई तुषार जायसवाल पिछले डेढ़ साल से किराए पर चला रहे थे। हादसे के बाद सुरक्षा कारणों से होटल परिसर को पूरी तरह सील कर दिया गया है और किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
ब्लास्ट की वजह जानने के लिए नर्मदापुरम से फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को रवाना किया गया है। तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस को होटल के भीतर एक कमर्शियल सिलेंडर मिला है जिससे आशंका जताई जा रही है कि विस्फोट इसी के कारण हुआ है।
यह भी पढ़ें:इंदौर मैराथन में दौड़ते समय युवक की मौत, हार्ट अटैक की आशंका
पिपरिया एसडीएम आईएएस आकिब खान ने जानकारी दी है कि सिलेंडर फटने से यह हादसा हुआ। जांच के लिए तहसीलदार वैभव बैरागी को मौके पर भेजा गया है। एक गंभीर घायल को नर्मदापुरम रेफर किया गया है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम संयुक्त रूप से जांच में जुटी हैं और ब्लास्ट के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।