इंदौर मैराथन में दौड़ते समय युवक की मौत, हार्ट अटैक की आशंका
इंदौर में मैराथन के दौरान 21 किमी दौड़ में शामिल कोलकाता निवासी आर्यन तोदी की मौत हो गई। फिनिश लाइन से 100 मीटर पहले उसकी तबीयत बिगड़ी और वह गिर पड़ा।
इंदौर। इंदौर में रविवार सुबह आयोजित मैराथन के दौरान एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान आर्यन तोदी के रूप में हुई है। वह कोलकाता का रहने वाला था और मैराथन में रजिस्ट्रेशन कराकर दौड़ में शामिल हुआ था। शुरुआती तौर पर मौत की वजह हार्ट अटैक मानी जा रही है। हालांकि, अंतिम पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आर्यन 21 किलोमीटर की दौड़ लगभग पूरी कर चुका था। नेहरू स्टेडियम स्थित फिनिश पॉइंट से महज 100 मीटर पहले उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह स्टेडियम के बाहर गिर पड़ा। उस समय तक मैराथन समाप्त हो चुकी थी और कई रनर्स लौट रहे थे।
घटना के वक्त कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. भरत रावत भी वहीं मौजूद थे। उन्होंने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे तब तक आर्यन की धड़कन बंद हो चुकी थी। तुरंत सीपीआर दिया गया और उसे एम्बुलेंस से एमवाय अस्पताल के आईसीयू ले जाया गया। वहां डॉक्टरों की टीम ने भी उसे बचाने की कोशिश की लेकिन कोई सफलता नहीं मिली और उसे मृत घोषित कर दिया गया।
इसके बाद परिजन और परिचित आर्यन को बॉम्बे हॉस्पिटल लेकर पहुंचे लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने उसे मृत ही बताया। डॉक्टरों के अनुसार, प्रारंभिक संकेत कार्डियक अरेस्ट की ओर इशारा कर रहे हैं पर वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम के बाद स्पष्ट होगा।
डॉ. भरत रावत ने बताया कि यह इंदौर में मैराथन के दौरान कार्डियक अरेस्ट से मौत का पहला मामला नहीं है। देश के अन्य शहरों में भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। खास बात यह है कि अधिकतर घटनाएं फिनिश लाइन के आसपास या दौड़ पूरी करने के बाद लौटते समय हुई हैं।
आर्यन तोदी मूल रूप से नेपाली परिवार से ताल्लुक रखता था। उसका परिवार फिलहाल कोलकाता में रहता है। डॉ. रावत ने बताया कि करीब 20 साल पहले नेपाल यात्रा के दौरान उनका आर्यन के परिवार से संपर्क रहा था। आर्यन इंदौर में अपने चचेरे भाई के साथ रह रहा था और यहां अपना बिजनेस शुरू करने की तैयारी में था।
परिवार के अनुसार, आर्यन पहली बार मैराथन में हिस्सा नहीं ले रहा था। वह पहले भी कई मैराथन और लंबी दूरी की दौड़ों में भाग ले चुका था। उसके पिता हरीश तोदी एक बिजनेसमैन हैं और इन दिनों दिल्ली में हैं। आर्यन का परिवार नेपाल का प्रतिष्ठित परिवार माना जाता है। घटना की सूचना नेपाल में रह रहे उसके रिश्तेदारों तक भी पहुंच चुकी है।




