खरगोन| जिले के महेश्वर तहसील के जामघाट रोड पर बुधवार शाम लगभग 7:30 बजे एक बड़ा हादसा हुआ। मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन ब्रेक फेल होने के कारण पलट गया, जिसमें 27 लोग घायल हो गए। घायलों में 23 महिलाएं, 3 बच्चियां और एक पुरुष शामिल हैं। सभी मजदूर महू के बडगौंदा थाने के नहारखेड़ा गांव से प्याज लेकर अपने घर मंडलेश्वर थाने के भुदरी और रामदड़ गांव लौट रहे थे।

हादसे के समय वाहन चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी को खाई की ओर मोड़ने की बजाय रेलिंग से टकरा दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। वाहन पलटने के बाद रेलिंग से टकराकर रुक गया। सूचना मिलते ही क्षेत्र में गश्त कर रहे एसपी धर्मराज मीणा मौके पर पहुंचे। मोबाइल नेटवर्क न होने के बावजूद उनके गनमैन ने एंबुलेंस बुलाने का प्रबंध किया।

घायलों को एंबुलेंस और प्राइवेट वाहनों की मदद से मंडलेश्वर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। एसपी मीणा ने अपनी गाड़ी से भी दो घायल महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना में घायल सभी मजदूर खतरे से बाहर बताए गए हैं और उनका इलाज जारी है।

यह भी पढ़ें: कांग्रेस का आज से बेलगावी में नव सत्याग्रह, 100 साल पहले यहीं महात्मा गांधी चुने गए थे अध्यक्ष

पुलिस और स्थानीय प्रशासन की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। ड्राइवर की सूझबूझ और पुलिस की सक्रियता ने जान-माल के बड़े नुकसान को रोका।