इंफाल। मिजोरम के 40 विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव में जोरम पीपुल्स मूवमेंट (ZPM) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। ZPM ने 27 सीट जीतकर बहुमत हासिल कर लिया है। जबकि सत्ताधारी मिजो नेशनल फ्रंट (MNF) 10 सीटों पर सिमटकर रह गई है।

MNF के सभी बड़े बड़े दिग्गज चुनाव हार गए हैं। स्वयं CM जोरमथंगा आइजोल-ईस्ट 1 से चुनाव हार गए। उन्हें ZPM के ललथनसंगा ने हराया। उधर, बीजेपी ने दो सीटें जीती हैं। पिछली बार पार्टी को एक सीट मिली थी। जबकि कांग्रेस के खाते में एक सीट आई।

जोरम पीपुल्स मूवमेंट के नेता लालदुहोमा ने कहा- मैं पार्टी की जीत से खुश हूं। मुझे इसी तरह के नतीजों की उम्मीद थी। अगले दो दिनों के अंदर मैं राज्यपाल से मिलूंगा। शपथ ग्रहण इसी महीने होगा।

लालदुहोमा एक पूर्व IPS अधिकारी हैं। जो पूर्व PM इंदिरा गांधी की सिक्योरिटी संभाल चुके हैं। लालदुहोमा ने 1984 में मिजोरम से कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा सीट जीती थी। बाद में उनका राज्य कांग्रेस के नेताओं से मतभेद हो गया और उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया।

मिजोरम में मतगणना रविवार को मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के साथ होनी थी। हालांकि, राजनीतिक दलों, गैर सरकारी संगठनों, चर्च और छात्र संगठनों की अपील के बाद निर्वाचन आयोग ने इसे स्थगित कर दिया क्योंकि रविवार का दिन ईसाई बहुल मिजोरम के लोगों के लिए विशेष महत्व रखता है।

मिजोरम विधानसभा के लिए मतदान सात नवंबर को हुआ था और राज्य के 8.57 लाख मतदाताओं में से 80 प्रतिशत से अधिक ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।