कंधमाल। ओडिशा के कंधमाल जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में छह नक्सलियों को ढेर कर दिया है। मारे गए नक्सलियों में नक्सल संगठन की सेंट्रल कमेटी का मेंबर और ओडिशा स्टेट कमेटी का सचिव गणेश उइके भी शामिल है। गणेश पर एक करोड़ रुपये से ज्यादा का इनाम घोषित था। इसके अलावा दो महिला नक्सलियों की मौत की भी पुष्टि हुई है। यह कार्रवाई नक्सल संगठन के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है। ऐसा इसलिए क्योंकि गणेश उइके टॉप छह माओवादी नेताओं में गिना जाता था और उसकी मौत के बाद अब केवल पांच शीर्ष नेता देश में बचे हैं।
मुठभेड़ कंधमाल के चाकापाड़ थाना क्षेत्र और गंजाम जिले के राम्भा जंगल के बीच चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान हुई थी। सुरक्षा एजेंसियों को इलाके में बड़ी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। गुप्त सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों की 23 टीमों को ऑपरेशन पर भेजा गया था। इनमें 20 स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप, दो सीआरपीएफ और एक बीएसएफ की टीम शामिल थी। 25 दिसंबर को अलग-अलग स्थानों पर कई बार मुठभेड़ हुई जिसमें रुक-रुक कर फायरिंग होती रही और बाद में सर्चिंग के दौरान छह नक्सलियों के शव बरामद किए गए। घटनास्थल से इंसास राइफल, 303 राइफल समेत अन्य हथियार मिले हैं और नक्सलियों के कई दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
यह भी पढ़ें:MP में बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था, ठेले पर बीमार पत्नी को ले जाने को मजबूर हुआ मजदूर
मारे गए नक्सली गणेश उइके तेलंगाना का रहने वाला था और राजेश तिवारी, चमरू दादा, गजराला रवि और सोमरू जैसे नामों से भी पहचान छुपाकर काम करता था। वह बस्तर, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और सीमावर्ती राज्यों में सक्रिय रहा है और कई बार सुरक्षाबलों की घेराबंदी से बच निकलने में कामयाब हुआ था। उइके अपने साथ AK-47 लेकर चलता था और लंबे समय से पुलिस व केंद्रीय एजेंसियों के रडार पर था। उसका मार गिराया जाना सुरक्षा बलों की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
छत्तीसगढ़ में भी हाल ही में बड़ी नक्सली कार्रवाई दर्ज की गई है। बीते 3 और 4 दिसंबर को दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर पर 18 नक्सली मारे गए थे। इनमें डिविजनल कमेटी मेंबर वेल्ला मोडियम भी शामिल था। उस ऑपरेशन में डीआरजी के तीन जवान शहीद और दो घायल हुए थे। इससे स्पष्ट होता है कि नक्सल मोर्चे पर सुरक्षाबलों का दबदबा लगातार बढ़ रहा है और नक्सली नेटवर्क को नुकसान पहुंच रहा है।
यह भी पढ़ें:AMU कैंपस में अज्ञात हमलावरों ने की गोलीबारी, एक टीचर की मौत, जांच में जुटी पुलिस