भोपाल। मध्य प्रदेश की सियासत में इन दिनों ‘मूसा गैंग’ की दस्तक से हड़कंप मचा हुआ है। आलम ये है कि सत्ताधारी दल के विधायक को भी डर से अंडरग्राउंड होना पड़ रहा है। मऊगंज के भाजपा विधायक प्रदीप पटेल पिछले एक महीने से अंडरग्राउंड हैं। उन्होंने दावा किया कि उन पर जानलेवा हमला हुआ था, जिसके बाद से वे और उनका परिवार लगातार डर और चिंता में जी रहे हैं।

विधायक प्रदीप पटेल ने संकट की इस घड़ी में अपनी ही पार्टी पर अनदेखी के भी आरोप लगाए हैं। उन्होंने मीडिया से कहा कि मैं और मेरा परिवार एक माह से डर के साए में हैं। दु:ख यह है कि इतना सब होने के बाद सत्ता-संगठन ने मेरा हाल नहीं लिया। घटना के दो दिन बाद तक मेरा नंबर ऑन था। गैंग मुझे मारकर उपचुनाव कराने की धमकी दे रही थी। इसलिए फोन बंद किया, पर मेरे गनमैन-पीएसओ के फोन पर संपर्क कर सकते थे।

विधायक प्रदीप पटेल ने भावुक होते हुए मीडिया से कहा कि मूसा गैंग उन्हें जान से मारने की धमकी दे रही थी और क्षेत्र में उपद्रव कराने की साजिश रची जा रही थी। इसी भय के कारण उन्हें छिपने पर मजबूर होना पड़ा। विधायक पटेल ने खुलकर कहा कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी पार्टी के किसी बड़े नेता ने उनका हाल-चाल नहीं लिया। उन्होंने बताया कि घटना के दिन तक उनका फोन चालू था, लेकिन किसी ने संपर्क नहीं किया। 

विधायक के सत्ता-संगठन पर लगाए आरोप के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि इस घटना से सत्ता-संगठन दोनों चिंतित है। हम लगातार उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहे है। नंबर बंद आ रहा है। जिले के पदाधिकारी उनके संपर्क में हैं। उनकी चिंता करना पार्टी की प्रमुख जिम्मेदारी है।

इसी बीच, मंगलवार 10 फरवरी की रात रीवा में ‘Musa’ लिखी एक सफेद कार सड़कों पर घूमती नजर आई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सतना नंबर की कार को जब्त कर लिया। जांच में सामने आया कि कार ड्राइवर का नाम अंतेश था। एएसपी रंजीव पाठक के मुताबिक, ड्राइवर ने दावा किया कि वह दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला का प्रशंसक है, इसलिए उसने गाड़ी पर ‘Musa’ लिखवाया था।