विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के नटेरन थाना क्षेत्र अंतर्गत जोहद गांव में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ। रविवार सुबह ग्राम जोहद के पास सगड़ नदी के 12 फीट ऊंचे पुल से एक स्कूली बस नीचे गिर गई। यह बस हायर सेकेंडरी स्कूल बहादुरपुर के स्टूडेंट्स और स्टाफ को सांची पिकनिक पर ले जा रही थी। हादसे में 28 बच्चे घायल हुए हैं। कुल 45 बच्चे स्कूल से रवाना हुए थे।
जानकारी के मुताबिक, नदी का पुल संकरा है। सामने से आ रहे एक वाहन को रास्ता देने दौरान ड्राइवर ने बस को किनारे किया। इसी दौरान बस बेकाबू होकर सीधे नदी में जा गिरी। घटना के बाद बच्चों की चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और नटेरन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने फौरन बस से बच्चों को बाहर निकालना शुरू किया।
बच्चों की बस सुबह 8 बजे सांची के लिए निकली थी। हादसा बहादुरपुर से करीब 80 किलोमीटर दूर नटेरन थाना क्षेत्र में सुबह साढ़े 10 बजे हुआ। घायल बच्चों में से कुछ को सरकारी अस्पताल गंजबासौदा में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल कुछ बच्चों को जिला अस्पताल विदिशा रेफर किया गया है। अभी तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है। राहत की बात यह रही कि जिस जगह बस गिरी, वहां नदी में पानी नहीं था।
स्कूल बस में मौजूद रहे शिक्षक अशोक ठाकुर ने बताया कि सुबह करीब 8:30 बजे बच्चों के साथ हम तीन शिक्षक स्कूल से रवाना हुए थे। हमारे साथ एक प्यून भी था। स्कूल से करीब 80 किलोमीटर दूर जोहद पुल पर जैसे ही बस पहुंची, सामने से एक और बस आ गई। हमारी बस के ड्राइवर ने साइड देने की कोशिश की। इसी दौरान बस सूखी नदी में गिर गई। इसके करीब 15-20 मिनट बाद प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस पहुंच गई। बच्चों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।