अशोकनगर। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। चंदेरी क्षेत्र के पीएमश्री स्कूल प्राणपुर में स्कूल परिसर के भीतर बच्चों की किताबें जलाकर मुर्गा पकाने और शराब पार्टी करने का वीडियो सामने आया है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद भी शिक्षा विभाग ने संबंधित लोगों पर कार्रवाई करने के बजाय पूरे मामले को ही गलत बताने की कोशिश की है।

जानकारी के मुताबिक, स्कूल परिसर में चौकीदार और कुछ अन्य लोगों ने खुलेआम ईंटों का चूल्हा बनाकर मुर्गा पकाया था। आरोप है कि चूल्हे में ईंधन के रूप में बच्चों की किताबों का इस्तेमाल किया गया था। इसके बाद वहीं बैठकर शराब पी गई और मुर्गा खाया गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया।

यह भी पढ़ें:पन्ना में कुआं धंसने से दर्दनाक हादसा, मलबे में दबने से पांच श्रमिकों की मौत

यह मामला तब उजागर हुआ जब 22 मई को एक समाचार पत्र में “शिक्षा के मंदिर में शर्मनाक कृत्य: पीएमश्री स्कूल में बच्चों की किताबों को ईंधन बना पकाया मुर्गा, वीडियो वायरल” शीर्षक से खबर प्रकाशित हुई। खबर सामने आने के बाद उम्मीद थी कि शिक्षा विभाग दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेगा लेकिन विभागीय अधिकारियों का रवैया इसके उलट दिखाई दिया।

इंटरनेट पर वायरल हो रहे वीडियो में कुछ लोग स्कूल के बरामदे में बैठकर खाना खाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में ईंटों से बना अस्थायी चूल्हा और जली हुई किताबें भी साफ दिखाई दे रही हैं। इसके बावजूद जांच टीम और ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने संबंधित लोगों को क्लीनचिट दे दी।

चंदेरी की बीईओ सुरभि जैन ने मामले की जांच के बाद प्रेस नोट जारी कर दावा किया कि स्कूल परिसर में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) विभाग की ओर से कंप्यूटर कक्ष का निर्माण कराया जा रहा है और वहां काम करने वाले श्रमिक भोजन तैयार करते हैं। उन्होंने किताबें जलाकर मुर्गा पकाने की घटना को असत्य बताया है।

यह भी पढ़ें:हीटवेव की चपेट में MP के 45 जिले, 5 जिलों में रेड अलर्ट, 28 मई से बारिश की संभावना

हालांकि, वीडियो सामने आने के बाद विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब वीडियो में पूरी घटना स्पष्ट दिखाई दे रही है तब अधिकारियों द्वारा मामले से इनकार करना गंभीर लापरवाही और जिम्मेदारी से बचने की कोशिश है। 

मामले को लेकर जब बीईओ सुरभि जैन से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा, “अभी मैं मंदिर में हूं इसलिए इस समय कोई बात नहीं कर सकती।” वहीं, स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है और इसकी जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि स्कूल में किताबें जलाकर मुर्गा पकाने जैसी घटना हुई है तो इसकी पूरी जांच होगी।

यह भी पढ़ें:2 हफ्तों में चौथी बार बढ़े CNG के दाम, IGL ने ईंधन के दर में की 2 रुपए की बढ़ोतरी