बड़वानी। मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में बुधवार दोपहर करीब 12:48 बजे भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। जिसकी वजह से सेंधवा, अंजड़ और ग्राम मोहिपुरा सहित आसपास के इलाकों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता लगभग 3.4 दर्ज की गई। जबकि, कुछ स्थानों पर तीव्रता 3.6 तक मापे जाने की जानकारी भी सामने आई है। राहत की बात यह रही कि फिलहाल कहीं से किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, झटके करीब 1 से 2 मिनट तक महसूस किए गए थे। सेंधवा और अंजड़ क्षेत्र के साथ-साथ ग्राम मोहिपुरा में लोगों ने अचानक जमीन में कंपन महसूस किया। कई घरों में रखे बर्तन, पंखे और फर्नीचर हिलते नजर आए थे। अचानक आई इस हलचल से घबराकर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और एक-दूसरे से संपर्क कर स्थिति की जानकारी लेने लगे।

यह भी पढ़ें:इंदौर के DPS स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली कर जांच में जुटी पुलिस

ग्राम मोहिपुरा निवासी लोकेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि वे दोपहर में घर पर आराम कर रहे थे। उस दौरान अचानक तेज झटका महसूस हुआ था। पहले तो उन्हें कुछ समझ नहीं आया लेकिन बाहर निकलकर अन्य लोगों से बातचीत करने पर भूकंप की पुष्टि हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह का अनुभव उन्होंने पहली बार किया था।

सेंधवा के सुदामा कॉलोनी निवासी व्यापारी रत्नेश जैन और उनकी पत्नी मोनिका जैन ने भी घर के भीतर कंपन महसूस होने की बात कही थी। जबकि, एक अन्य व्यवसायी गिरीश गोयल ने झटकों के दौरान तेज आवाज सुनाई देने का दावा किया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भूकंप को लेकर चर्चाएं तेज हो गई।

यह भी पढ़ें:शासकीय कर्मचारियों को विपश्यना शिविर के लिए विशेष अवकाश, छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा फैसला

भूकंप की पुष्टि इंदिरा सागर पावर स्टेशन की भूकंप वेधशाला और राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र की वेबसाइट पर भी दर्ज की गई है। जिला मुख्यालय स्थित भूकंप केंद्र की सिस्मोमीटर मशीन में भी 3.4 रिक्टर स्केल का कंपन रिकॉर्ड हुआ। केंद्र के ऑपरेटर हुकुम कुमार ने बताया कि एमईक्यू (माइक्रोअर्थक्विक) मशीन 24 घंटे सक्रिय रहती है और लगभग 40 से 50 किलोमीटर के दायरे में होने वाली हलचल को दर्ज करती है। नर्मदा नगर स्थित सेंटर से प्रतिदिन रिपोर्ट जारी की जाती है। जिसमें इस भूकंपीय गतिविधि की पुष्टि हुई।

प्रशासन भी इस घटना को लेकर सतर्क हो गया है। कलेक्टर जयति सिंह ने बताया कि भूकंप की सूचना मिलते ही अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में भेजा गया है ताकि स्थिति का जायजा लिया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब तक किसी भी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। वहीं, प्रभारी एडीएम सोहन कनास ने भी सेंधवा क्षेत्र में कंपन महसूस होने की पुष्टि की है।

यह भी पढ़ें:रानी कमलापति स्टेशन के बाहर एक्टर राहुल चेलानी से लूट, फोन स्नैचिंग कर फरार हुए बाइकसवार