भोपाल। मध्यप्रदेश के हवाई संपर्क का रविवार 9 अगस्त से विस्तार होने जा रहा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव राजा भोज एयरपोर्ट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की चार नई सीधी हवाई सेवाओं का शुभारंभ करेंगे। इनमें भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता रूट शामिल हैं। मुख्यमंत्री भोपाल से रीवा जाने वाली पहली उड़ान को फ्लैग ऑफ करेंगे।

चारों नई उड़ानों का संचालन अलायन्स एयर करेगी। इन सेवाओं को शुरू करने के लिए राज्य सरकार ने मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत वित्तीय सहायता देने का फैसला किया है। नीति के अंतर्गत प्रत्येक राउंड ट्रिप पर सरकार अधिकतम 10 लाख रुपए तक की वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) उपलब्ध कराएगी।

नई सेवाओं से राजधानी भोपाल का विंध्य क्षेत्र के साथ सीधा हवाई संपर्क स्थापित होगा। भोपाल-रीवा उड़ान से यात्रियों को सड़क या कनेक्टिंग फ्लाइट पर निर्भरता कम होगी। वहीं, भोपाल-पटना सीधी सेवा मध्यप्रदेश को बिहार की राजधानी से सीधे जोड़ेगी। इसका लाभ यात्रियों के साथ-साथ व्यापार और कारोबार से जुड़े लोगों को भी मिलेगा। मध्यप्रदेश में रहने वाली बिहार की बड़ी आबादी के लिए भी यह हवाई सेवा अहम मानी जा रही है।

रीवा और जबलपुर से कोलकाता की सीधी उड़ान शुरू होने से विंध्य और महाकौशल क्षेत्रों की पूर्वी भारत तक पहुंच आसान होगी। यात्रियों को कोलकाता पहुंचने के लिए दूसरे शहर से कनेक्टिंग फ्लाइट लेने की जरूरत कम होगी। इससे यात्रा का समय घटने और आवागमन सुविधाजनक होने की उम्मीद है।

मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत राज्य में अब तक कुल 8 नए हवाई मार्गों को स्वीकृति दी जा चुकी है। इनमें से चार रूट पर उड़ान सेवाएं पहले ही शुरू हो चुकी हैं। ये मार्ग रीवा-दिल्ली, रीवा-इंदौर, रीवा-रायपुर और इंदौर-अबूधाबी हैं। अब भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता के शुरू होने के साथ सभी 8 स्वीकृत नए मार्गों पर सेवाएं उपलब्ध हो जाएंगी।

राज्य सरकार का मानना है कि बेहतर हवाई कनेक्टिविटी से मध्यप्रदेश में पर्यटन, व्यापार और शिक्षा से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। छोटे और बड़े शहरों के बीच सीधी उड़ानें उपलब्ध होने से लोगों के समय की बचत होगी और यात्रा अधिक आसान होगी। सरकार के अनुसार, नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और समयबद्ध हवाई यात्रा उपलब्ध कराना नागरिक विमानन नीति-2025 के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।

भोपाल में होने वाले कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किन्जारापु राममोहन नायडू मौजूद रहेंगे। उनके अलावा मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव समीर कुमार सिन्हा, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन विपिन कुमार, अलायन्स एयर के चेयरमैन अमित कुमार, अपर मुख्य सचिव विमानन संजय कुमार शुक्ला, आयुक्त विमानन चंद्रमौली शुक्ला और भोपाल एयरपोर्ट डायरेक्टर आलोक त्रिपाठी सहित अन्य अतिथि कार्यक्रम में शामिल होंगे।