भोपाल। राजधानी भोपाल के देहात इलाके में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। दुर्घटना में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व तहसील कार्यवाह विनय सिंह राजपूत की जान चली गई। हादसा शाम करीब चार बजे गोलखेड़ी-निपानिया मार्ग पर हुआ था। उस दौरान उनकी मोटरसाइकिल को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल हालत में उन्हें तुरंत हमीदिया अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान मेंगरा कला निवासी विनय सिंह राजपूत के रूप में हुई है जो बैरसिया के रहने वाल थे। वह सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे थे। घटना की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बताया गया है कि हादसे के समय उनकी बाइक पर एक अन्य व्यक्ति भी सवार था। टक्कर के बाद वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया था। दूसरे व्यक्ति के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसका इलाज जारी है।

यह भी पढ़ें:जबलपुर के सिहोरा में सांप्रदायिक तनाव, भारी पुलिस बल तैनात, हिरासत में लिए गए 25 संदिग्ध

यह पूरा मामला ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र में हुआ। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाकर आरोपी की तलाश में जुटी है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। पत्रकार आशीष शर्मा, लायंस क्लब अध्यक्ष और समाजसेवी दीपक दुबे, पार्षद नीरज नामदेव तथा कलीम मुग़ल सहित कई नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण किया जाए और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

यह भी पढ़ें:भ्रामक विज्ञापन मामले में बढ़ी ऋतिक रोशन की मुश्किलें, झालावाड़ कंज्यूमर कोर्ट ने भेजा नोटिस