शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी के प्रमुख ऑटोमोबाइल कारोबारी कपिल गुप्ता साइबर अपराधियों के निशाने पर आ गए। ठगों ने डॉक्टर के नाम पर भेजी गई एक एपीके (APK) फाइल के जरिए उनका मोबाइल हैक कर लिया और आईसीआईसीआई बैंक तथा बैंक ऑफ बड़ौदा के खातों से कुल 2 लाख 94 हजार 202 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए। मामले की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, बीते 27 जून की रात करीब 9 बजे कपिल गुप्ता की पत्नी शिल्पी गुप्ता इलाज संबंधी सलाह लेने के लिए गूगल पर एक डॉक्टर का मोबाइल नंबर खोज रही थी। नंबर पर संपर्क करने के बाद सामने वाले व्यक्ति ने उनके मोबाइल पर एक एपीके फाइल भेजी और उसे डाउनलोड करने के लिए कहा।

जैसे ही शिल्पी गुप्ता ने फाइल डाउनलोड की वैसे ही मोबाइल पर साइबर ठगों का नियंत्रण हो गया। इसके बाद आरोपियों ने उनके बैंकिंग सिस्टम तक पहुंच बनाते हुए आईसीआईसीआई बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा के खातों से अलग-अलग ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 2 लाख 94 हजार 202 रुपये निकाल लिए।

खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने पर कपिल गुप्ता ने तुरंत कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ठगी को अंजाम देने वाले आरोपी कहां से सक्रिय थे।

बता दें कि कपिल गुप्ता वही कारोबारी हैं जिन्होंने नवंबर माह में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा का आयोजन कराया था। उस आयोजन के बाद वह जिलेभर में चर्चा का विषय बने थे।