नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता दीपक बाबरिया का निधन हो गया है। बाबरिया के निधन से सियासी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, कमलनाथ, कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, सांसद दीपेंद्र हुड्डा समेत तमाम नेताओं के उनके निधन पर दुख जताया है।
दीपक बाबरिया संगठन के एक बेहद मजबूत स्तंभ माने जाते थे। उन्होंने 1970 के दशक में छात्र संगठन एनएसयूआई (NSUI) से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। बाबरिया ने चुनावी राजनीति की बजाय हमेशा पर्दे के पीछे रहकर संगठनात्मक कार्यों और मजदूर यूनियनों की आवाज बुलंद करने को प्राथमिकता दी। वे राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के बेहद भरोसेमंद सहयोगियों में गिने जाते थे।
दीपक बाबरिया ने मध्य प्रदेश, हरियाणा तथा दिल्ली जैसे महत्वपूर्ण राज्यों के कांग्रेस प्रभारी के रूप में बड़ी भूमिकाएं निभाईं। मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने उनके निधन पर दुख जताते हुए लिखा, 'कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रभारी रहे श्री दीपक बावरिया जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे और परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करे। कांग्रेस पार्टी और समाज के लिए किए गए उनके कार्य हमेशा याद किए जाएँगे। ओम शांति।'
वहीं, कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने लिखा, 'श्री दीपक बाबरिया जी के निधन पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि। दुःख की इस घड़ी में हम सब शोकाकुल परिवार के साथ हैं।' कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने दुख जताते हुए लिखा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता व हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रभारी श्री दीपक बाबरिया जी के आकस्मिक निधन की खबर बेहद पीड़ादायक है। बेहद मेहनती और कुशल राजनेता दीपक बाबरिया जी के हरियाणा प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रहने के दौरान उनके साथ करीब से काम करने का अवसर मिला। दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि और परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ। ईश्वर से प्रार्थना है कि परिवारजनों को यह कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
बता दें कि दीपक बाबरिया ने अक्टूबर 2024 में हरियाणा के प्रभारी पद से इस्तीफे की पेशकश की थी। उन्होंने कहा था कि मैंने आलाकमान से कहा कि मेरी जगह किसी और को जिम्मेदारी सौंप दी जाए। उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का भी हवाला दिया था। साथ ही कहा था कि चुनाव नतीजों के मद्देनजर यह मेरी नैतिक जिम्मेदारी भी है।