बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के नेपानगर रेंज में रविवार को वन भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंचे प्रशासनिक दल पर अचानक पथराव हो गया। जिसकी वजह से अभियान की शुरुआत के साथ ही स्थिति बिगड़ गई। झांझर गांव के पास हुई इस घटना में चार लोग घायल हुए हैं। जिनमें दो जेसीबी ऑपरेटर भी शामिल हैं। हालात तनावपूर्ण होने पर अधिकारियों को कार्रवाई बीच में ही रोकनी पड़ी थी।
दरअसल, कबीर नल से झांझर तक फैली वन भूमि पर लंबे समय से अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थी। इसी के चलते वन विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ा अभियान चलाने की योजना बनाई थी। रविवार को इसकी शुरुआत की गई। इसमें निमाड़ अंचल के चार जिलों से करीब 500 वनकर्मी और पुलिस बल तैनात किए गए थे। अतिक्रमण हटाने के लिए 70 से ज्यादा जेसीबी मशीनें भी मौके पर लगाई गई थी।
कार्रवाई जैसे ही झांझर गांव के पास शुरू हुई वहां मौजूद अतिक्रमणकारियों ने विरोध जताते हुए अचानक पथराव कर दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और प्रशासनिक अमले को पीछे हटना पड़ा। घटना में घायल चार लोगों को तुरंत उपचार के लिए भेजा गया है। इनमें एक जेसीबी ऑपरेटर की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि, अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पहले दिन बाधित जरूर हुई है लेकिन इसे पूरी तरह रोका नहीं जाएगा। प्रशासन ने साफ किया है कि वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा और इसे चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। साथ ही कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया जाएगा और उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।